वाराणसी
बीमारी से पीड़ित युवक ने कुएं में फांसी लगाकर दी जान
परिजनों ने बीमारी में छोड़ दिया था साथ
वाराणसी। जिले के कैंट थाना क्षेत्र में मंगलवार को कैंसर और सफेद दाग से पीड़ित 54 वर्षीय कार मिस्त्री नजीरूल हसन ने कुएं में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। लंबे समय से बीमारी के दर्द और इलाज में असफलता के चलते वह मानसिक रूप से परेशान थे। कुछ दिनों पहले डॉक्टरों ने उनके स्वास्थ्य में बिगड़ते इंफेक्शन को लेकर जवाब दे दिया था जिससे वह हताश हो गए थे।
परिजनों ने भी उनकी बीमारी के दौरान साथ छोड़ दिया था, और नजीरूल हसन अपने वाहन में रह रहे थे। आत्महत्या की घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकाल कर पहचान की प्रक्रिया पूरी की। घटना की सूचना परिजनों को दी गई, जिसके बाद उनकी पत्नी और बच्चे मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की अन्य पहलुओं पर जांच कर रही है।
