गाजीपुर
गृह मंत्री की टिप्पणी पर बवाल, कांग्रेस ने उठायी बर्खास्तगी की मांग
गाजीपुर। गृह मंत्री अमित शाह की संसद में कथित अपमानजनक टिप्पणी को लेकर कांग्रेस पार्टी ने मंगलवार को प्रदर्शन करते हुए उनका इस्तीफा मांगा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के सम्मान में अंबेडकर पार्क से कलेक्ट्रेट तक ‘बाबा साहब सम्मान मार्च’ निकाला। इस दौरान जिलाधिकारी कार्यालय में राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
कांग्रेस के निवर्तमान जिलाध्यक्ष सुनील राम ने कहा कि अमित शाह जैसे संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति द्वारा बाबा साहब के प्रति अपमानजनक टिप्पणी पूरी तरह से अमर्यादित है। इससे पूरे देश और विशेष रूप से दलित समाज को ठेस पहुंची है। उन्होंने कहा, “यह संविधान बदलने की मंशा रखने वाले लोग हैं। हम गृह मंत्री के इस्तीफे की मांग करते हैं।”
पूर्व विधायक अमिताभ अनिल दुबे ने कहा, “हमने आज बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा है। हम गृह मंत्री को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त करने की मांग करते हैं। संविधान खतरे में है और भाजपा का दलित विरोधी चेहरा सामने आ चुका है।”
शहर कांग्रेस अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा ने कहा, “गृह मंत्री को माफी मांगनी चाहिए थी। उनके इस्तीफे की मांग को लेकर हम लोग सड़कों पर उतरे हैं। यह बाबा साहब और संविधान का अपमान है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता, जैसे प्रदेश सचिव आनंद राय, डॉ. मार्कंडेय सिंह, अजय कुमार श्रीवास्तव, रामानुज पांडे, चंद्रिका सिंह, डॉ. सुमेर कुशवाहा, सतीश उपाध्याय और अन्य प्रमुख लोग मौजूद रहे। महिला कार्यकर्ताओं ने भी प्रदर्शन में भाग लिया और अपनी आवाज बुलंद की।
