वाराणसी
रानी चटर्जी ने नारी शक्ति पुरस्कार 2024 के विजेताओं को किया सम्मानित
वाराणसी। रोहनिया के केसरीपुर भास्करा स्थित शिव मंदिर के पास द फूड पैलेस में महिला सशक्तिकरण सेवा समिति द्वारा नारी शक्ति पुरस्कार 2024 और वर्ल्ड रिकॉर्ड ब्राइडल मेकअप महामेगा सेमिनार का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में भोजपुरी सुपरस्टार अभिनेत्री रानी चटर्जी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं और विजेताओं को सम्मानित किया।

कार्यक्रम में प्रथम पुरस्कार सुमन केसरी को मिला जबकि आकांक्षा को दूसरा और रिंकू गिरी को तीसरा पुरस्कार प्रदान किया गया। इन पुरस्कारों को पाकर विजेता महिलाएं बेहद उत्साहित नजर आईं। रानी चटर्जी ने समिति के प्रबंधक शरद गोस्वामी और उपाध्यक्ष ममता सिंह के प्रयासों की सराहना की और कहा कि यह पहल महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
इस आयोजन में पूर्वांचल के सैकड़ों महिलाओं ने हिस्सा लिया जहां मेकअप एक्सपर्ट सुमन सिंह ने मेकअप की बारीकियों को विस्तार से समझाया। कार्यक्रम का संचालन शरद गोस्वामी ने किया और धन्यवाद ज्ञापन ममता सिंह ने दिया। इस दौरान अध्यक्ष राजीव गोस्वामी, पूनम हर्षित, साक्षी, रुखसार, नूर अंसारी, और गुलप्सा अंसारी सहित कई अन्य महिलाएं उपस्थित रहीं।
