वायरल
संगीत के महान उस्ताद जाकिर हुसैन का निधन
भाजपा नेता और राजस्थान सरकार में मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौर ने कहा कि उस्ताद ज़ाकिर हुसैन की तबले पर असाधारण महारत ने संगीत की दुनिया में एक अद्वितीय विरासत बनाई है। उन्होंने उनके परिवार, दोस्तों और अनगिनत प्रशंसकों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी लय हमारे दिलों में हमेशा गूंजती रहेगी।
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए ट्वीट किया कि ज़ाकिर हुसैन जी के तबले की थाप ने सीमाओं, संस्कृतियों और पीढ़ियों को जोड़ने का काम किया। उनकी लय की ध्वनि हमेशा हमारे दिलों में बनी रहेगी।
महान तबला वादक ज़ाकिर हुसैन ने अपने पिता अल्लाह रक्खा की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए दुनिया भर में एक अलग पहचान बनाई।
अपने करियर में उन्होंने पांच ग्रैमी पुरस्कार जीते, जिनमें से तीन 66वें ग्रैमी पुरस्कार में मिले थे। भारत सरकार ने भी उन्हें 1988 में पद्म श्री, 2002 में पद्म भूषण और 2023 में पद्म विभूषण से सम्मानित किया।
