पूर्वांचल
बीआरसी मरदह में चार दिवसीय आयुष्मान भारत कार्यक्रम संपन्न
सर्टिफिकेट पाकर खिले शिक्षकों के चेहरे
मरदह (गाजीपुर)। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय तथा शिक्षा मंत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में स्कूल हेल्थ एंड वेलनेस प्रोग्राम के तहत बीआरसी मरदह में चार दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य स्कूली बच्चों में स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना और विद्यालय स्तर पर स्वास्थ्य गतिविधियों को प्रोत्साहित करना है।
कार्यशाला का आयोजन स्थानीय परिषद आक्रै स्वास्थ्य विभाग और आरएससीईआरटी के संयुक्त प्रयासों से किया गया। इसमें ब्लॉक के सभी उच्च प्राथमिक विद्यालयों से एक शिक्षक और एक शिक्षिका को प्रशिक्षण दिया गया।

ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर प्रेम प्रकाश राय ने कार्यशाला के दौरान कहा कि स्कूल हेल्थ एंड वेलनेस प्रोग्राम को प्रभावी बनाने के लिए शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग को मिलकर लक्ष्य आधारित कार्ययोजना बनानी होगी। उन्होंने जोर दिया कि बच्चों के स्वास्थ्य और स्वच्छता को लेकर सकारात्मक पहल करनी आवश्यक है।
कार्यशाला में प्रेम प्रकाश राय के साथ इकबाल अहमद और प्रभांशु कुमार ने ट्रेनर की भूमिका निभाई। चार दिनों तक चले इस कार्यक्रम में शिक्षकों को स्वास्थ्य जागरूकता और गतिविधियों के संचालन के लिए प्रशिक्षित किया गया।
कार्यशाला के समापन पर सभी प्रतिभागी शिक्षकों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। सर्टिफिकेट पाकर शिक्षकों के चेहरे खुशी से खिल उठे। कार्यक्रम ने शिक्षकों को बच्चों के स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति उनकी भूमिका को और बेहतर समझने का अवसर प्रदान किया।
