सियासत
समाजवादी पार्टी से घबराई है भाजपा : शिवपाल सिंह यादव
उत्तर प्रदेश। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं विधायक शिवपाल सिंह यादव ने सोमवार को लखनऊ और बदायूं में चुनावी दौरे के सिलसिले में यात्रा की। इस दौरान उन्होंने बीजेपी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि, परिवारवाद को लेकर सपा पर अक्सर हमला करने वाली सत्तारूढ भारतीय जनता पार्टी दरअसल मुलायम सिंह यादव के परिवार से और समाजवादी पार्टी से घबराई है और उसके नेता इस खानदान के खिलाफ जितना बोलेंगे, लोकसभा चुनाव में सपा की जीत का अंतर उतना ही बढ़ता जाएगा।

शिवपाल सिंह यादव ने दावा करते हुए आगे कहा कि, तीसरे चरण के चुनाव में यूपी की 10 सीटों पर सपा- इंडिया गठबंधन के उम्मीदवारों की जीत होगी। लोकसभा चुनाव में पिछली बार के मुकाबले कम मतदान प्रतिशत दर्ज होने के बारे में शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि, हमारा मतदाता तो मजदूर और किसान है। उसको धूप और गर्मी से फर्क नहीं पड़ता। हमारा मतदाता तो वोट डाल रहा है। भाजपा का वोट बैंक घर से नहीं निकल रहा है, इसीलिए भाजपा में बहुत घबराहट है।
आपको बता दें कि, लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में प्रदेश की 10 लोकसभा सीट पर आगामी सात मई को मतदान होना है। इस चरण में मैनपुरी, फिरोजाबाद, संभल और बदायूं सीट शामिल हैं। इस चरण में जिन सीटों पर मतदान होना है, उनमें ज्यादातर समाजवादी पार्टी का गढ़ मानी जाती है।
