अपराध
लड़की के शव ने खोला राज, पाँच फरार आरोपी गिरफ्तार
सोनभद्र। जिले के बभनी थाना पुलिस को मिली बड़ी सफलता। आत्महत्या के लिए उकसाने व मृतका के साक्ष्य को छिपाने का प्रयास करने वाले 05 फरार आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल हुआ है। मामले का खुलासा सोनभद्र एसपी डा यशवीर सिंह ने किया।
एसपी डा यशवीर सिंह ने बताया कि, पीड़ित धन सिंह बैगा पुत्र स्व0 रामरतन सिंह थाना बभनी की पुत्री संतोषी देवी उम्र 18 वर्ष का अभय सिंह खरवार उर्फ मोटु पुत्र कपिलदेव निवासी थाना बभनी से प्रेम प्रसंग था जो उसी से शादी करना चाहती थी । 26 मार्च को 1 बजे दोपहर में संतोषी घर से अकेले अभय सिंह उर्फ मोटु के घर उसी के साथ रहने के लिये चली गयी और उसके साथ उसी के घर रहने के लिये कही तो अभय उर्फ मोटु ने शादी करने और अपने साथ रखने से मना कर दिया।

अभय सिंह का कहना था कि मैं खरवार जाति का हूं और तुम बैगा जाति की हो तुमसे मेरी शादी नही हो सकती है और न ही मै तुमको रख सकता हूँ । मेरे गांव में ही तुम्हारी मौसी का घर है तुम वहां चली जाओ ।वहीं लड़के के अचानक पलट जानें से नाराज संतोषी देवी ने अभय उर्फ मोटु के घर के कुछ दूरी पर अरहर के खेत के आड़ में पलास के पेड़ में फासी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर लिया।
मामले की जानकारी होने पर अभय उर्फ मोटु एवं उसके सहयोगी उसका छोटा भाई आकाश सिंह व आस पास के निवासी विनोद पुत्र हरि खरवार, ओमप्रकाश पुत्र भगवान, रामसुभग पुत्र बासदेव मिलकर संतोषी के शव को घटनास्थल से लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर एकांत जंगल में कुंए में रस्सी व पत्थर से बांधकर पानी में डुबोकर साक्ष्य को छिपाने की कोशिश किए। परन्तु रस्सी बड़ा होने एवं पत्थर का टुकड़ा छोटा होने के कारण मृतका अज्ञात का शव 31 मार्च को पानी में उतराया दिखा। जिसकी सूचना पर पहुंचीं पुलिस ने शव को कुएं से निकलकर शिनाख्त न हो पाने के कारण शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया था ।
1 अप्रैल को फोटो पहनावा आदि देखकर परिजनों द्वारा पहचान करने पर मृतका संतोषी के रुप में किया गया। जिसके बाद पोस्टमार्टम की पूर्ण कार्यवाही करायी गयी । पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गले में रस्सी से दम घुटने से मौत होने की पुष्टी हुआ।
वहीं मृतका के पिता धन सिंह के तहरीर के आधार पर थाना बभनी पर दिनांक 09 अप्रैल को अभय सिंह खरवार उर्फ मोटु पुत्र कपिलदेव उम्र करीब 21 वर्ष, आकाश सिंह पुत्र कपिलदेव उम्र करीब 16 वर्ष, विनोद पुत्र हरि खरवार उम्र करीब 40 वर्ष, ओमप्रकाश पुत्र भगवान खरवार उम्र करीब 22 वर्ष, रामसुभग पुत्र बासदेव खरवार उम्र करीब 29 वर्ष निवासीगण सेमरिया टोला बचरा थाना बभनी जनपद सोनभद्र के विरूद्ध अभियोग पंजीकृत किया गया । आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है।
