वाराणसी
G 20 में प्रतिभाग करने वाले विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों ने सौंदर्यीकरण की सराहना की
वाराणसी: जी20 की पहली बैठक 17 से 19 अप्रैल तक आयोजित हुई। इसमें प्रतिभाग करने वाले विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों के सम्मान व स्वागत में शासकीय विभागो एवं अन्य संस्थाओं द्वारा नगर के सौंदर्यीकरण हेतु किये प्रयास की सभी ने सराहना की। काशी की दीवारों व अन्य स्थानों पर जो अद्भूत चित्रकारी तथा सजावट की गई, उससे सभी देखने वाले आकर्षित हुए। बैठक को लेकर यह तैयारियां बीते तीन महीने से कराई जा रही हैं। इसमें विभागीय कर्मियों के साथ ही तमाम समाज सेवी संस्थाओं और क्लब के सदस्यों ने अमूल्य योगदान किया है। जी20 के ब्रांड एमबैसडर धर्मेंद्र त्रिपाठी ने वाराणसी की संस्थाएँ जिसमें वाराणसी सर्राफा एसोसिएशन, पूर्वांचल रियल एस्टेट एसोसिएश, बी एन आई, अर्वाचीन हॉस्पिटल, क्रिमसन वर्ल्ड स्कूल, करौली डायग्नोस्टिक्स, धानुका एंटरप्राइसेस, रेज़ोनेंस स्टडीज़, सृजन हॉस्पिटल, ब्रह्मरास्त्र एकम संस्था, अक्षय सेवा फाउंडेशन, श्री इंफोटेक जैसे संस्थानों का शहर के सुंदरीकरण कार्यों में सहयोग करने के लिए धन्यवाद किया। इन संस्थाओं ने एक बार कहने मात्र से ही आगे बढ़कर विभाग के साथ कंधे से कंधा मिलाकर विभागीय कार्यों में सहयोग किया। वीडीए उपाध्यक्ष अभिषेक गोयल ने कहा वीडीए इन संस्थाओं को सम्मानित करेगा। साथ ही इन संस्थाओं के अलावा काशी वासियों से यह उम्मीद की जाती है कि आगे आने वाली बैठकों के मद्देनज़र समस्त विभाग व नगर वासी इसी प्रकार सहयोग कर काशी के विकास व सुंदरीकरण में अपना अमूल्य योगदान देंगे। अगली बैठक जून माह में होनी है। इसे देखते हुए नगर के विकास और सौंदर्यीकरण हेतु अन्य तैयारियाँ भी की जायेंगी। विभाग को आम जन व सभी सामाजिक संस्थाओं का सहयोग अपेक्षित है।
