भदोही
मिशन शक्ति फेज 6.0: महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर भदोही पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान
स्कूल-कॉलेज, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचीं एंटी रोमियो टीमें, महिला अधिकारों और हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी
भदोही, 27 अक्टूबर। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भदोही पुलिस ने मिशन शक्ति अभियान फेज 6.0 के तहत मंगलवार को विशेष जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में जिले के सभी थानों की एंटी रोमियो टीमों, महिला बीट अधिकारियों और चौकियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक किया।
स्कूल-कॉलेज और बाजारों में किया संवाद
अभियान के तहत पुलिस टीमों ने स्कूलों, कॉलेजों, कोचिंग संस्थानों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर महिलाओं एवं बालिकाओं से सीधा संवाद स्थापित किया। इस दौरान छेड़छाड़, फब्तियां कसने, उत्पीड़न और साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए गए। पुलिसकर्मियों ने बालिकाओं को भरोसा दिलाया कि वे किसी भी समस्या की स्थिति में बिना भय या संकोच के अपनी बात पुलिस तक पहुंचा सकती हैं।
महिला अधिकारों और सरकारी योजनाओं की दी जानकारी
जागरूकता अभियान के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों, पाक्सो एक्ट और महिला सशक्तीकरण के लिए संचालित सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। पुलिस टीमों ने उन्हें किसी भी प्रकार के उत्पीड़न की स्थिति में उचित कानूनी सहायता लेने के लिए प्रेरित किया। साथ ही जागरूकता संबंधी पंपलेट भी वितरित किए गए।
हेल्पलाइन नंबरों के बारे में किया जागरूक
पुलिस ने आपातकालीन परिस्थितियों में तत्काल सहायता प्राप्त करने के लिए प्रमुख हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। इनमें महिला पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 शामिल हैं।
भदोही पुलिस ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, गरिमा एवं स्वावलंबन सुनिश्चित करने और उन्हें भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने के लिए मिशन शक्ति अभियान के तहत लगातार जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।
