वाराणसी
1 नवंबर को दिल्ली में आयोजित महारैली को सफल बनाने की अपील
रघु शर्मा ने किया आह्वान, चुनाव आयोग की निष्पक्षता और मतदाता सूची में पारदर्शिता की उठाई मांग
वाराणसी, 27 अक्टूबर। दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को आयोजित होने वाली महारैली को सफल बनाने के लिए कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को पराड़कर स्मृति भवन में पत्रकार वार्ता के दौरान AICC पर्यवेक्षक एवं पूर्व राष्ट्रीय महासचिव रघु शर्मा ने वाराणसी से बड़ी संख्या में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के दिल्ली पहुंचने का दावा किया।
रघु शर्मा ने मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं और विभिन्न राज्यों में मतदाताओं की संख्या में अचानक वृद्धि को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने चुनाव आयोग की स्वतंत्रता और विश्वसनीयता बहाल करने की मांग करते हुए कहा कि चुनावी प्रक्रिया पारदर्शी होनी चाहिए और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने वाराणसी में भी चुनावी प्रक्रिया को लेकर उठे सवालों की निष्पक्ष जांच की मांग की।
उन्होंने बताया कि कांग्रेस ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत देशभर में जनजागरण कर रही है। रघु शर्मा ने पार्टी कार्यकर्ताओं से 1 नवंबर की महारैली को सफल बनाने और लोकतंत्र व संविधान की रक्षा के लिए अभियान को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।
पत्रकार वार्ता में प्रदेश कांग्रेस पर्यवेक्षक एवं पूर्व विधायक भगवती प्रसाद चौधरी, जिलाध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल, महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, राघवेंद्र प्रताप सिंह, चंचल शर्मा, रोहित दुबे, परवेज खान, मोहम्मद उजैर, विनीत चौबे और आयुष पटेल सहित अन्य कांग्रेसजन मौजूद रहे।
