Connect with us

वाराणसी

हाईवे पर बाइक सवार बदमाशों ने महिला को दिया धक्का, मौत; लूट की कोशिश की आशंका

Published

on

Loading...
Loading...

पति के साथ मांगलिक कार्यक्रम से लौट रही थीं मीरा पांडेय, पुलिस ने दर्ज किया हत्या का मुकदमा

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

गोरखपुर। गोरखपुर-वाराणसी हाईवे पर शनिवार रात करीब 9:45 बजे एक सनसनीखेज घटना सामने आई। बेलीपार थाना क्षेत्र के मलांव गांव निवासी मीरा पांडेय अपने पति संतोष पांडेय के साथ तारामंडल स्थित एक होटल में आयोजित मांगलिक कार्यक्रम से घर लौट रही थीं। आरोप है कि बेलीपार टोल प्लाजा पार करने के बाद भरवल गांव के पास बाइक सवार दो अज्ञात लोगों ने उन्हें पीछे से धक्का मार दिया।

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

बताया जा रहा है कि धक्का लगने से मीरा पांडेय का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर पड़ीं। इस दौरान उनके सिर में गंभीर चोट लग गई। परिजन उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

लूट की कोशिश की आशंका, हत्या का मुकदमा दर्ज

परिजनों ने घटना के पीछे लूट की कोशिश की आशंका जताई है। हालांकि, वारदात की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पति की तहरीर पर बेलीपार पुलिस ने दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Advertisement

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

एसपी दक्षिणी दिनेश कुमार पुरी के मुताबिक, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई हैं। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

अब बड़ा सवाल यह है कि क्या महिला को लूट की कोशिश के दौरान धक्का दिया गया या इस वारदात के पीछे कोई दूसरी वजह है? पुलिस जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page