गाजीपुर
श्रीराम जानकी धाम के सुंदरीकरण और सुविधाओं के विस्तार की मांग
बहुउद्देश्यीय सभागार, सौर ऊर्जा प्रकाश व्यवस्था और गंगा घाट पर सुविधाएं विकसित कराने का आग्रह
सैदपुर, गाजीपुर (जयदेश)। सैदपुर विधानसभा क्षेत्र के फुलवारी कलां गांव स्थित पौराणिक श्रीराम जानकी धाम के सुंदरीकरण और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के विस्तार की मांग उठी है। धाम समिति के अध्यक्ष विशाल सिंह और महामंत्री अरुण सिंह ने आयुष राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ को पत्र भेजकर विकास कार्य कराने का आग्रह किया है।
समिति अध्यक्ष विशाल सिंह ने बताया कि गंगा तट पर स्थित इस धाम में दूर-दराज से श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं। परिसर में धार्मिक और मांगलिक कार्यक्रम भी आयोजित होते हैं। ऐसे में यहां बहुउद्देश्यीय सभागार बनाने और सौर ऊर्जा आधारित प्रकाश व्यवस्था की जरूरत है।
समिति ने प्रभातफेरी और परिक्रमा मार्ग सहित परिसर के अन्य हिस्सों में सीमेंटेड ईंट से फर्श बनवाने की मांग की है। इसके अलावा गंगा घाट पर श्रद्धालुओं के लिए प्रतीक्षालय, यज्ञ मंडप और बैठने की व्यवस्था विकसित कराने का आग्रह किया गया है।
समिति पदाधिकारियों का कहना है कि इन सुविधाओं के विकसित होने से श्रद्धालुओं को सहूलियत मिलेगी और धाम का स्वरूप भी निखरेगा। इस मौके पर अरुण सिंह, अशोक सिंह, संजय सिंह और विशाल सिंह मौजूद रहे।
