गाजीपुर
राष्ट्रीय एवं राज्य पुरस्कार प्राप्त सात शिक्षकों का सम्मान
गांधी-शास्त्री जयंती पर सेवानिवृत्त शिक्षकों और स्काउट-गाइड बच्चों को भी किया गया पुरस्कृत
सादात, गाजीपुर (जयदेश)। महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उच्च प्राथमिक विद्यालय कन्या मनिहारी में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसमें जिले के राष्ट्रीय एवं राज्य पुरस्कार प्राप्त सात शिक्षकों और एक दर्जन सेवानिवृत्त शिक्षकों को अंगवस्त्र व प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया। वहीं, उल्लेखनीय कार्य करने वाले स्काउट-गाइड के एक दर्जन बच्चों को भी पुरस्कृत किया गया।

मनिहारी के खंड शिक्षा अधिकारी हेमवंत कुमार ने कहा कि सम्मानित शिक्षकों ने अपने कार्यों से जिले का गौरव बढ़ाया है। सेवानिवृत्त शिक्षकों का शिक्षा के क्षेत्र में योगदान भुलाया नहीं जा सकता। मुन्नी लाल पांडेय ने कहा कि मेहनत करने वालों को उसका फल अवश्य मिलता है। राज्य अध्यापक पुरस्कार प्राप्त डॉ. राम अवतार यादव ने कहा कि पुरस्कार हासिल करने के लिए शैक्षिक, सामाजिक और सांस्कृतिक क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान जरूरी है।
जिले में अब तक 43 शिक्षकों को राष्ट्रीय एवं राज्य अध्यापक पुरस्कार मिल चुका है, जिनमें 22 राज्य पुरस्कार प्राप्त शिक्षक शामिल हैं। इस वर्ष विद्यालय के प्रधानाध्यापक संतोष कुशवाहा को राज्य पुरस्कार मिला है।
कार्यक्रम में सूर्य देव राय, शीला सिंह, ऋतु श्रीवास्तव, देव भूषण वनमाली सहित कई शिक्षक मौजूद रहे। संचालन अनिल कुमार कुशवाहा ने किया। अंत में प्रधानाध्यापक संतोष कुशवाहा ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
