चन्दौली
पांच दिन से टूटी पाइपलाइन, आधा दर्जन गांवों में पेयजल संकट
हाईवे निर्माण के दौरान क्षतिग्रस्त हुई जल निगम की पाइप, मरम्मत न होने पर व्यापारियों ने दी आंदोलन की चेतावनी
सकलडीहा, चंदौली। हाईवे निर्माण के दौरान जल निगम की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से सकलडीहा और आसपास के आधा दर्जन से अधिक गांवों में पेयजल संकट गहरा गया है। पांच दिन बीतने के बाद भी पाइप की मरम्मत नहीं होने से हजारों उपभोक्ता परेशान हैं। वहीं, निर्माण कार्य और सड़क पर लगने वाले जाम से भी लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
कई गांवों में पानी की किल्लत
जल जीवन मिशन के तहत सकलडीहा, नागेपुर, ईटवा, तेंदुई, ताजपुर और बलारपुर सहित कई गांवों में पेयजल आपूर्ति की जाती है। बीते पांच दिन पहले सकलडीहा सघन तिराहे पर हाईवे निर्माण के दौरान जल निगम की पाइप क्षतिग्रस्त हो गई थी। इसके बाद से कई घरों में पानी नहीं पहुंच रहा है, जबकि कुछ घरों में दूषित पानी आने की शिकायत है।
विभागों के बीच समन्वय की कमी का आरोप
स्थानीय लोगों का आरोप है कि जल निगम और पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। पाइपलाइन की मरम्मत में देरी से दुकानदारों और ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ रही है। लोगों ने जल्द पेयजल आपूर्ति बहाल नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
अधिकारियों को दी गई जानकारी
इस संबंध में जल निगम के अवर अभियंता अवधेश कुमार पटेल ने बताया कि पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने की जानकारी पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों को दे दी गई है।
