चन्दौली
पशुओं को खुरपका-मुंहपका और लम्पी से बचाने के लिए टीकाकरण अभियान तेज
चहनियां क्षेत्र के गांवों में पहुंच रहीं टीमें, पशुपालकों को बीमारी से बचाव के लिए किया जा रहा जागरूक
सकलडीहा, चंदौली। पशुओं को खुरपका-मुंहपका (एफएमडी), लंगड़ी और लम्पी जैसी गंभीर बीमारियों से बचाने के लिए पशुपालन विभाग की ओर से चहनियां क्षेत्र में टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। पशु चिकित्सा अधिकारी चहनियां मुदस्सर अली की देखरेख में टीमें गांव-गांव पहुंचकर पशुओं का टीकाकरण करने के साथ पशुपालकों को जागरूक कर रही हैं।
संक्रामक बीमारी से पशुओं को खतरा
पशु चिकित्सा अधिकारी मुदस्सर अली ने बताया कि खुरपका-मुंहपका एक अत्यंत संक्रामक विषाणुजनित बीमारी है, जो मुख्य रूप से गाय, भैंस, भेड़, बकरी और सूअर जैसे दो-खुर वाले पशुओं को प्रभावित करती है। इससे संक्रमित पशुओं को तेज बुखार हो सकता है तथा मुंह, जीभ और खुरों के आसपास छाले पड़ सकते हैं। इसके कारण पशुओं को चारा खाने और चलने में परेशानी होती है। दुग्ध उत्पादन घटने से पशुपालकों को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ता है।

गांवों में किया गया टीकाकरण
अभियान के तहत टीकाकरण टीम ने जलालपुर, रिश्ती और खड़ेहरा गांवों में दर्जनों पशुओं को टीके लगाए। वैक्सीनेटर राजेश कुमार यादव ने बताया कि पशु चिकित्सा अधिकारी के निर्देश पर पशुपालकों के घर-घर जाकर टीकाकरण किया जा रहा है, ताकि बीमारियों के प्रसार को रोका जा सके।
पशुपालकों से समय पर टीका लगवाने की अपील
पशुपालन विभाग ने पशुपालकों से अपील की है कि वे अपने पशुओं का समय पर टीकाकरण कराएं। किसी भी पशु में बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी पशु चिकित्सा केंद्र को सूचना दें, जिससे समय रहते आवश्यक उपचार और बचाव की व्यवस्था की जा सके।
