भदोही
सोमनाथ मंदिर की तर्ज पर बनेगा दुर्गा पंडाल, लागत 75 लाख
110 फीट ऊंचे पंडाल में दिखेगी भव्यता, 30 कारीगर एक महीने से निर्माण में जुटे
गोपीगंज, भदोही। गोपीगंज शहर की वाहिनी श्रृंगार समिति इस वर्ष गुजरात के प्रसिद्ध सोमनाथ मंदिर की तर्ज पर भव्य दुर्गा पंडाल का निर्माण करा रही है। करीब 75 लाख रुपये की लागत से तैयार हो रहे इस पंडाल को देखने के लिए भदोही सहित आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।
110 फीट ऊंचा होगा पंडाल
पंडाल की लंबाई और ऊंचाई 110 फीट, जबकि चौड़ाई 80 फीट रखी गई है। पश्चिम बंगाल से आए 30 कारीगर प्रशांत दादा की देखरेख में पिछले एक महीने से निर्माण कार्य में जुटे हैं। पंडाल को आकर्षक रूप देने के लिए बांस, बल्ली, रस्सी, कपड़ा, प्लाई और विभिन्न सजावटी सामग्रियों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
देवी-देवताओं की बन रहीं प्रतिमाएं
पंडाल के भीतर मां दुर्गा, भगवान गणेश, मां सरस्वती सहित अन्य देवी-देवताओं की मूर्तियां तैयार की जा रही हैं। समिति की ओर से हर साल अलग-अलग मंदिरों की तर्ज पर पंडाल बनाकर श्रद्धालुओं को नई झलक दिखाने का प्रयास किया जाता है।
16 से 23 अक्टूबर तक चलेगा महोत्सव
वाहिनी श्रृंगार समिति के अनुसार, दुर्गा महोत्सव 16 से 23 अक्टूबर तक आयोजित होगा। इस दौरान भदोही और आसपास के जिलों से लाखों श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए पहुंचने की संभावना है। आयोजन में सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए जिला प्रशासन भी सहयोग करता है। पूर्व विधायक उदयभान सिंह और समिति के संरक्षक प्रहलाद दास गुप्ता भी आयोजन से जुड़े हैं।
