भदोही
गांधी-शास्त्री जयंती पर विविध कार्यक्रम, कुष्ठ रोगियों को बांटे फल-दवा
भदोही। महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने कलेक्ट्रेट तथा मुख्य विकास अधिकारी बाल गोबिंद शुक्ल ने विकास भवन में ध्वजारोहण कर दोनों महापुरुषों को श्रद्धांजलि दी।
गांधी-शास्त्री के विचारों को किया याद
कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों और कर्मचारियों ने गांधीजी के सत्य, अहिंसा, स्वदेशी, ग्राम स्वराज और स्वच्छता के संदेशों तथा शास्त्रीजी के सादगीपूर्ण जीवन एवं देश के प्रति योगदान को याद किया। जवाहर नवोदय विद्यालय के विद्यार्थियों ने ‘रघुपति राघव राजा राम’ और ‘वैष्णव जन तो तेने कहिए’ जैसे भजन प्रस्तुत किए। जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों को उपहार देकर प्रोत्साहित किया।
शांति मैराथन और स्वच्छता अभियान
जिला क्रीड़ा अधिकारी के नेतृत्व में खेल स्टेडियम से देवनाथपुर तक शांति मैराथन निकाली गई। विभिन्न विद्यालयों, सरकारी कार्यालयों और ग्राम पंचायतों में स्वच्छता अभियान, श्रमदान, विचार गोष्ठी और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 12 खिलाड़ियों को ट्रैकसूट और टी-शर्ट देकर सम्मानित किया गया।
कुष्ठ रोगियों की समस्या पर डीएम ने दिए निर्देश
जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने ग्राम पिपरीश में कुष्ठ रोगियों को फल, पौष्टिक आहार और दवाएं वितरित कीं। इस दौरान लाभार्थियों ने आवास की छत टपकने की समस्या बताई। डीएम ने खंड विकास अधिकारी, भदोही को तत्काल छत की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने पात्र लाभार्थियों की समस्याओं का प्राथमिकता से निस्तारण कर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
