गाजीपुर
ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग पर भाकपा-माले का प्रदर्शन
जमानियां में निकाला जुलूस, सीईसी का पुतला फूंका; एसआईआर रद्द करने समेत विभिन्न मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन
जमानियां, गाजीपुर। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने, एसआईआर प्रक्रिया रद्द करने समेत विभिन्न मांगों को लेकर बुधवार को भाकपा-माले कार्यकर्ताओं ने जमानियां में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने पांडेय मोड़ से जुलूस निकालकर तहसील मुख्यालय पहुंचकर मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंका और सभा के बाद राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार जमानियां को सौंपा।

चुनाव आयोग पर उठाए सवाल
सभा को संबोधित करते हुए भाकपा-माले केंद्रीय कमेटी सदस्य ईश्वरी प्रसाद कुशवाहा ने इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट का हवाला देते हुए चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि अन्य चुनाव आयुक्तों की आपत्तियों के बावजूद एसआईआर प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। उन्होंने इसे लेकर आंदोलन तेज करने का आह्वान किया।
एसआईआर को लेकर लगाए आरोप
भाकपा-माले के गाजीपुर जिला सचिव ओमप्रकाश सिंह ने आरोप लगाया कि एसआईआर के जरिए कमजोर वर्गों, अल्पसंख्यकों और भाजपा विरोधी मतदाताओं के मताधिकार को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है। वहीं, चुनाव आयोग ने कहा है कि पिछले एक वर्ष में आयोग के सभी फैसले पूर्ण आयोग के सर्वसम्मत निर्णय रहे हैं।
ज्ञापन में रखीं कई मांगें
कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन के माध्यम से मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने, एसआईआर रद्द करने, मतदाता सूची से बाहर हुए लोगों के नाम दोबारा जोड़ने, ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने तथा कथित दोषपूर्ण मतदाता सूची के आधार पर हुए विधानसभा चुनावों को रद्द करने सहित विभिन्न मांगें उठाईं।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद
प्रदर्शन में विजयी वनवासी, बुच्चीलाल, श्यामप्यारी, पांचरतन कुशवाहा, अखिलेश कुशवाहा, राजेंद्र वनवासी और लालू बिंद समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं ने आगामी दो अक्टूबर को गाजीपुर में प्रस्तावित प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं से शामिल होने की अपील की।
