Connect with us

गाजीपुर

शीतला माई मंदिर जाने वाला लिंक मार्ग बदहाल, ग्रामीणों में रोष

Published

on

Loading...
Loading...

बारिश में मिट्टी बहने से आवागमन बाधित, कई बार मांग के बाद भी नहीं हुआ खड़ंजा और इंटरलॉकिंग का काम

बहरियाबाद (गाजीपुर)। आराजी कस्बा स्वाद, बहरियाबाद में शीतला माई मंदिर की ओर जाने वाला लिंक मार्ग लंबे समय से बदहाल होने के कारण ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मातृ शिशु कल्याण केंद्र के पीछे से दक्षिण से उत्तर दिशा में जाने वाला करीब 60 मीटर लंबा मार्ग खुल्फयेराशदीन मस्जिद तक जाता है। मार्ग पर अब तक मिट्टी और खड़ंजा का कार्य नहीं होने से ग्रामीणों में रोष है।

बारिश में बह गई मार्ग की मिट्टी

ग्रामीणों के अनुसार, तेज बारिश के कारण कच्चे मार्ग की मिट्टी पूरी तरह बह गई है, जिससे आवागमन बाधित हो गया है। लोगों को मंदिर तक पहुंचने में भी काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।

कई महत्वपूर्ण संस्थानों तक पहुंचने का रास्ता

इस मार्ग के आसपास मातृ शिशु कल्याण केंद्र, आयुष्मान आरोग्य मंदिर, शीतला माई मंदिर, राजकीय पशु चिकित्सालय, ग्राम सचिवालय, पावर हाउस और इंटर कॉलेज स्थित हैं। ऐसे में विद्यार्थियों, मरीजों, ग्रामीणों और कर्मचारियों का नियमित आवागमन इसी रास्ते से होता है। क्षेत्र के करीब दर्जनभर गांवों के लोग स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचने के लिए भी इस मार्ग का उपयोग करते हैं।

मंदिर जाने वाले श्रद्धालु परेशान

शीतला माई मंदिर में पूजा-पाठ के लिए प्रतिदिन श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहता है। बारिश के दौरान रास्ता खराब होने से मंदिर के आसपास पहुंचने में लोगों को परेशानी होती है। इसे लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ रही है।

Advertisement

कई बार प्रधान और जनप्रतिनिधियों से लगाई गुहार

ग्रामीणों का कहना है कि लिंक मार्ग बनवाने के लिए कई बार वर्तमान ग्राम प्रधान और जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों के अनुसार, आराजी कस्बा स्वाद के अधिकांश लिंक मार्गों पर खड़ंजा और इंटरलॉकिंग का काम हो चुका है, लेकिन यह मार्ग अभी भी उपेक्षित है।

जल्द निर्माण की मांग

ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से लिंक मार्ग पर मिट्टी भराई के साथ खड़ंजा अथवा इंटरलॉकिंग कराने की मांग की है, ताकि बारिश के दिनों में आवागमन सुचारु हो सके और मंदिर तथा स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचने वाले लोगों को राहत मिल सके।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page