गाजीपुर
रामलीला मैदान में निर्माण कार्य को लेकर विवाद, पालिका ने मांगी पुलिस कार्रवाई
जमानियां, गाजीपुर। नगर पालिका परिषद जमानियां की ओर से शासन से अनुमोदित वंदन योजना के तहत वार्ड संख्या-19, कस्बा जमानियां के बलुआ घाट स्थित रामलीला चबूतरा एवं मैदान के पास कराए जा रहे निर्माण कार्य को लेकर विवाद सामने आया है। नगर पालिका अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता ने उपजिलाधिकारी निधि को पत्र भेजकर निर्माण कार्य में आ रही बाधा को दूर कराने तथा मौके पर काम कर रहे कर्मचारियों और मजदूरों की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है।

पालिका अध्यक्ष ने पत्र में विशाल चौबे, राहुल त्रिपाठी, कन्हैया पाण्डेय, शशिकांत गुप्ता, गौरव चौबे उर्फ गोविन्द चौबे, अरविन्द कुमार वर्मा उर्फ सोनू समेत अन्य लोगों पर निर्माण कार्य में बाधा डालने का आरोप लगाया है। पत्र के अनुसार, नवनिर्मित दीवार गिरा दी गई तथा अर्धनिर्मित भवन के गेट पर ताला लगा दिया गया, जिससे निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा है।
नगर पालिका अध्यक्ष ने मामले में पुलिस कार्रवाई कराने और प्रभारी निरीक्षक को प्राथमिकी दर्ज करने के लिए निर्देशित करने का अनुरोध किया है। उन्होंने बताया कि रामलीला मंचन अक्टूबर 2026 के दूसरे सप्ताह में प्रस्तावित है, ऐसे में निर्माण कार्य को समय से पूरा कराया जाना आवश्यक है।
पालिका प्रशासन ने निर्माण कार्य के दौरान कर्मचारियों और मजदूरों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है। पत्र में कहा गया है कि यदि निर्माण कार्य में हो रहे अवरोध और सुरक्षा संबंधी समस्या का समाधान नहीं किया गया तो नगर पालिका प्रशासन तहसील जमानियां के पास स्थित रामलीला मैदान में क्रमिक धरना देने के लिए बाध्य होगा।
