गाजीपुर
रातभर बिजली कटौती से ग्रामीण बेहाल, व्यवस्था पर उठे सवाल
भीमापार (गाजीपुर)। भीमापार क्षेत्र में रात्रि के समय हो रही अघोषित विद्युत कटौती से आमजन परेशान हैं। बिजली की अनियमित आपूर्ति के कारण बच्चे, बुजुर्ग, बीमार और अन्य ग्रामीणों को रात में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार पूरी रात बिजली गायब रहती है। कभी 10 मिनट तो कभी आधे घंटे के लिए आपूर्ति बहाल होती है, लेकिन कुल मिलाकर रातभर में एक घंटे से अधिक बिजली नहीं मिल पा रही है।
उमस भरी रातों में बिजली कटौती के कारण लोगों की परेशानी और बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि पर्याप्त विद्युत आपूर्ति नहीं होने से उनकी नींद प्रभावित हो रही है। लोगों ने विद्युत विभाग और शासन से रात्रि में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की है।
इस संबंध में उपखंड अधिकारी भीमापार ने बताया कि ट्रांसमिशन स्तर से ऊपर से विद्युत कटौती के निर्देश प्राप्त हो रहे हैं। उन्हीं निर्देशों के अनुसार क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति की जा रही है। उन्होंने कहा कि जब ट्रांसमिशन से ही बिजली उपलब्ध नहीं हो रही है तो वितरण विभाग की ओर से उपभोक्ताओं को आपूर्ति कर पाना संभव नहीं है।
उपखंड अधिकारी के अनुसार विद्युत कटौती की समस्या केवल भीमापार क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे पूर्वांचल में ऐसी स्थिति बनी हुई है। आपूर्ति सामान्य होने में कितना समय लगेगा, इस संबंध में स्थानीय स्तर पर कोई निश्चित समय-सीमा नहीं बताई जा सकती। उन्होंने कहा कि इसकी जानकारी उच्च अधिकारियों के स्तर से ही मिल सकेगी।
लगातार हो रही बिजली कटौती को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। लोगों ने संबंधित अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर जल्द विद्युत आपूर्ति सुचारु कराने की मांग की है।
