जौनपुर
बैंकों का ऋण-जमा अनुपात बढ़ाने पर जोर, सीडीओ ने की शाखावार समीक्षा
सरकार प्रायोजित योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को समय से ऋण उपलब्ध कराने के निर्देश
जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. के निर्देश पर मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सलाहकार समिति एवं बैंकर्स समिति की बैठक मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खड़िया की अध्यक्षता में हुई। बैठक में जिले में संचालित बैंकिंग गतिविधियों और सरकार प्रायोजित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
सीडीओ ने बैंकों के ऋण-जमा अनुपात (सीडी रेशियो) की शाखावार समीक्षा करते हुए कहा कि जिले में जमा धनराशि के सापेक्ष अधिक से अधिक पात्र लोगों को ऋण उपलब्ध कराया जाए, जिससे आर्थिक गतिविधियों को गति मिले। उन्होंने यूनियन बैंक, स्टेट बैंक और उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक को सीडी रेशियो में सुधार के लिए प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बैंक शाखाओं, एटीएम और बैंक मित्रों के कार्यों की भी समीक्षा की। वित्तीय समावेशन संतृप्तिकरण अभियान के तहत बैंकिंग सुविधाओं से वंचित पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ने पर जोर दिया गया।
लंबित ऋण प्रकरणों का जल्द हो निस्तारण
बैठक में स्वयं सहायता समूह, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, ओडीओपी, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम और एनआरएलएम समेत विभिन्न योजनाओं की जून तिमाही 2026 की प्रगति की समीक्षा की गई। सीडीओ ने लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।
गांवों में लगाएं फसल बीमा कैंप
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की समीक्षा करते हुए सीडीओ ने गांवों में कैंप लगाकर किसानों को योजना से जोड़ने और निर्धारित लक्ष्य की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने को कहा। किसानों को आवेदन प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी देने के भी निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की समीक्षा के दौरान बैंक शाखा प्रबंधकों से पात्र युवाओं के ऋण आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण करने को कहा गया। उन्होंने कहा कि युवाओं को स्वरोजगार के लिए बैंक स्तर पर पूरा सहयोग मिलना चाहिए।
बैठक में आरबीआई के एलडीओ उमेश चौधरी, अग्रणी जिला प्रबंधक कुमार हर्षमान, डीडीएम नाबार्ड रामअवध यादव, वित्तीय सलाहकार कमलेश यादव, निदेशक आरसेटी, राहुल कुमार समेत विभिन्न बैंकों के जिला समन्वयक और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
