जौनपुर
इंटरलॉकिंग सड़क किनारे धंसी दीवार
गड्ढे में जा गिरी नगर पंचायत की जेसीबी
हादसे में चालक ने कूदकर बचाई जान, मौके पर जुटी ग्रामीणों की भीड़
जाफराबाद (जौनपुर)। नगर पंचायत क्षेत्र के मोहल्ला मल्हद में मंगलवार को बड़ा हादसा होते-होते बच गया। काम पूरा कर लौट रही नगर पंचायत की जेसीबी अचानक सड़क किनारे बने गहरे गड्ढे में जा गिरी। हादसे के दौरान चालक ने समय रहते जेसीबी से कूदकर अपनी जान बचा ली। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार, जाफराबाद नगर पंचायत की जेसीबी मोहल्ला मल्हद में गड्ढा खोदने के काम के लिए गई थी। कार्य पूरा होने के बाद चालक मशीन लेकर वापस लौट रहा था। इसी दौरान झंझरी मस्जिद के पास इंटरलॉकिंग सड़क के किनारे बनी दीवार पर जेसीबी का भारी वजन पड़ गया। दबाव बढ़ने से दीवार अचानक भरभराकर ढह गई।
दीवार गिरते ही जेसीबी का संतुलन बिगड़ गया और मशीन सड़क किनारे स्थित गहरे गड्ढे में फिसलकर जा गिरी। अचानक हुए हादसे से चालक घबरा गया, लेकिन उसने समय रहते जेसीबी से कूदकर खुद को सुरक्षित बचा लिया। आसपास मौजूद लोगों ने भी मौके पर पहुंचकर चालक को बाहर निकालने में मदद की।
हादसे की सूचना मिलते ही नगर पंचायत के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में ग्रामीण भी घटनास्थल पर जमा हो गए। चालक के सुरक्षित बचने पर लोगों ने राहत की सांस ली।
इसके बाद नगर पंचायत प्रशासन ने जेसीबी को गड्ढे से बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू की। काफी प्रयास के बाद मशीन को बाहर निकालने की कवायद की गई। हादसे के चलते कुछ समय तक मौके पर आवागमन भी प्रभावित रहा।
ग्रामीणों ने सड़क किनारे बने गड्ढों और कमजोर दीवारों की स्थिति पर चिंता जताते हुए संबंधित अधिकारियों से निरीक्षण कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी दुर्घटना की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
