गोरखपुर
सोपाई घाट-ब्रह्मसारी मार्ग पर झाड़ियों का जाल, हादसे का खतरा
सड़क तक फैली झाड़ियों से घुमावदार मोड़ों पर सामने से आने वाले वाहन नहीं दिखते, ग्रामीणों ने सफाई की मांग उठाई
गोरखपुर। सोपाई घाट मुख्य चौराहे से ब्रह्मसारी, त्रिलोकपुर, भरसी और भिसिया को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग पर सड़क किनारे उगी घनी झाड़ियों से राहगीरों की परेशानी बढ़ गई है। कई जगह झाड़ियां सड़क तक फैल चुकी हैं, जिससे मार्ग संकरा हो गया है। घुमावदार मोड़ों पर सामने से आने वाले वाहन दिखाई नहीं देने के कारण दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।
ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से सड़क किनारे झाड़ियों की नियमित कटाई और सफाई नहीं कराई गई है। इसका सबसे अधिक असर बाइक और साइकिल सवारों पर पड़ रहा है। अचानक सामने से वाहन आने पर उन्हें संभलने का पर्याप्त समय नहीं मिलता।
यह मार्ग आसपास के कई गांवों के लिए आवागमन का प्रमुख साधन है। छात्र-छात्राएं, किसान, मजदूर और अन्य ग्रामीण प्रतिदिन इसी रास्ते से गुजरते हैं। सुबह और शाम के समय मार्ग पर आवाजाही अधिक रहती है। शाम ढलने के बाद घनी झाड़ियों के कारण स्थिति और चिंताजनक हो जाती है।
ग्रामीणों ने सड़क दुर्घटनाओं के साथ ही झाड़ियों की आड़ में असामाजिक तत्वों के छिपे होने की आशंका भी जताई है। सुनसान हिस्सों से शाम के समय अकेले गुजरने में लोग असहज महसूस करते हैं।
ग्रामीणों के अनुसार घुमावदार मोड़ों पर सबसे अधिक खतरा है। झाड़ियां सड़क तक फैल जाने से दूसरी दिशा से आने वाले वाहन दिखाई नहीं देते। रामचेत तिवारी, अशोक कुमार दुबे, रामप्रवेश तिवारी, गोपाल दुबे, राम ललित यादव, रामकेश यादव, प्रधान गुड्डू लाल और श्रीवास्तव समेत अन्य ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से तत्काल झाड़ियों की कटाई और सफाई कराने की मांग की है।
