जौनपुर
243 दिव्यांग बच्चों को मिलेंगे सहायक उपकरण, मूल्यांकन शिविर में हुआ चयन
मछलीशहर बीआरसी परिसर में एलिम्को कानपुर की टीम ने किया परीक्षण, 11 नवंबर को वितरित होंगे उपकरण
मछलीशहर (जौनपुर)। समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत सोमवार को नगर स्थित ब्लॉक संसाधन केंद्र (बीआरसी) परिसर में दिव्यांग बच्चों के लिए विशेष मूल्यांकन एवं सहायक उपकरण चयन शिविर आयोजित किया गया। एलिम्को कानपुर की टीम ने शिविर में पहुंचे बच्चों का विशेषज्ञों की मदद से परीक्षण किया और उनकी जरूरत के अनुसार उपकरणों के लिए चयन किया।
शिविर में परीक्षण के बाद कुल 243 दिव्यांग बच्चों को सहायक उपकरण प्रदान करने के लिए चिन्हित किया गया। चयनित बच्चों को आगामी 11 नवंबर 2026 को बीआरसी परिसर में आयोजित कार्यक्रम में उपकरण वितरित किए जाएंगे। अधिकारियों ने बताया कि चयनित बच्चों को निर्धारित तिथि पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होना होगा।
विशेषज्ञों ने बच्चों की शारीरिक क्षमता, चलने-फिरने, सुनने सहित अन्य आवश्यकताओं का परीक्षण किया। इसके आधार पर 50 बच्चों को कैलीपर, 49 को स्टिक, 33 को व्हीलचेयर, 30 को ट्राईसाइकिल, 10 को सीपी चेयर, 22 को एमआर किट और 23 बच्चों को हियरिंग किट के लिए चयनित किया गया।
एलिम्को टीम ने बच्चों की जरूरतों का बारीकी से आकलन करने के साथ अभिभावकों को उपकरणों के उपयोग से जुड़ी आवश्यक जानकारी दी। बच्चों और उनके अभिभावकों की सुविधा के लिए पंजीकरण और जांच की व्यवस्था भी की गई थी।
शिविर में डॉ. आदर्श द्विवेदी, ऑडियोलॉजिस्ट संजीव कुमार, गोपाल तिवारी, अभिषेक, बीएसए कार्यालय से डॉ. पीडी तिवारी, मनोज गुप्ता और संजय मिश्रा समेत अन्य कर्मचारियों ने सहयोग किया। फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. पीडी तिवारी ने जरूरतमंद बच्चों की थेरेपी कर अभिभावकों को आवश्यक सुझाव भी दिए।
जिला समन्वयक समेकित शिक्षा ने बताया कि शिविर में चयनित बच्चों को नवंबर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एलिम्को कानपुर की ओर से आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। इन उपकरणों से बच्चों को दैनिक गतिविधियों और आवागमन में सुविधा मिलने के साथ आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी।
शिविर में सुबह से ही दिव्यांग बच्चों और उनके अभिभावकों की भीड़ जुटी रही। अभिभावकों ने शिविर को उपयोगी बताते हुए कहा कि इस तरह की पहल से जरूरतमंद बच्चों को उनकी आवश्यकता के अनुसार सहायक उपकरण आसानी से उपलब्ध हो जाते हैं।
