भदोही
कुपोषण मुक्त भदोही के लिए डीएम ने दिए सख्त निर्देश
आंगनबाड़ी केंद्रों में गर्म व पौष्टिक भोजन, एसएएम-एमएएम बच्चों की नियमित जांच और पात्र महिलाओं को समय से लाभ देने पर जोर
भदोही। जिलाधिकारी शैलेष कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला पोषण समिति एवं जिला कन्वर्जेन्स समिति की बैठक हुई। इसमें पोषण और स्वास्थ्य से जुड़ी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए डीएम ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में आंगनबाड़ी केंद्र भवनों के निर्माण और संचालन की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने पूर्ण हो चुके भवनों में जल्द विद्युत कनेक्शन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) में भर्ती बच्चों और उनके अभिभावकों को मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने को कहा।
हॉट कुक्ड मील योजना की समीक्षा के दौरान डीएम ने सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों को निर्धारित मानकों के अनुसार गुणवत्तापूर्ण और गर्म भोजन उपलब्ध कराने तथा इसकी नियमित निगरानी के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि भोजन को लेकर किसी भी स्तर से शिकायत नहीं मिलनी चाहिए।
एसएएम एवं एमएएम श्रेणी के बच्चों का नियमित वजन कराने और जरूरत के अनुसार उन्हें एनआरसी से जोड़कर स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत पात्र गर्भवती और धात्री महिलाओं को समय से लाभ दिलाने तथा लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण पर भी जोर दिया गया।
डीएम ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरी कराने को कहा। साथ ही सभी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के शत-प्रतिशत गोल्डेन कार्ड बनवाने के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए।
उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों में साफ-सफाई, लीकेज, खिड़की-दरवाजे, रंग-रोगन समेत सभी मूलभूत सुविधाएं दुरुस्त रखने और नियमित निरीक्षण कराने को कहा। बैठक के अंत में डीएम ने कहा कि कुपोषण मुक्त भदोही के लक्ष्य के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें और योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाएं।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविंद शुक्ला, जिला कार्यक्रम अधिकारी दिनेश त्रिपाठी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संतोष कुमार चक, डीडीओ/जिला पंचायत राज अधिकारी सपना अवस्थी, सभी सीडीपीओ, सुपरवाइजर एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
