Connect with us

भदोही

उद्योग-व्यापार की समस्याओं के समयबद्ध समाधान पर जोर

Published

on

Loading...
Loading...

डीएम शैलेष कुमार ने उद्योग बंधु की बैठक में अधिकारियों को दिए निर्देश, निवेश और निर्यात बढ़ाने पर मंथन

मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना में सुस्त बैंकों की होगी रोजाना निगरानी, प्लग एंड प्ले पार्क विकसित करने पर भी जोर

भदोही। जिलाधिकारी शैलेष कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला उद्योग बंधु एवं जिला निर्यात प्रोत्साहन समिति की बैठक हुई। इसमें उद्यमियों, निवेशकों, व्यापारियों और उद्योग-व्यापार प्रतिनिधियों की समस्याओं के साथ निवेश, निर्यात और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने पर विस्तार से चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि व्यापारियों, उद्यमियों और निवेशकों से संबंधित प्रकरणों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से सहयोगात्मक रवैया अपनाते हुए लंबित मामलों का नियमानुसार शीघ्र समाधान कराने को कहा, ताकि जिले में औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलने के साथ रोजगार के अवसर बढ़ सकें।

विद्युत और व्यापारिक समस्याओं के समाधान पर जोर

जिलाधिकारी ने खाद्य एवं रसद, विद्युत, प्रदूषण नियंत्रण और व्यापार कर समेत संबंधित विभागों को व्यापारियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए। अधिशासी अभियंता विद्युत को विद्युत शिकायतों का त्वरित समाधान और रोस्टर के अनुसार निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया।

Advertisement

बैठक में माधोसिंह-खमरिया-डेडवा मार्ग के सुदृढ़ीकरण, राजपुरा रिंग मार्केट में पार्किंग, कारपेट सिटी में आवंटित प्लांट पर भवन निर्माण की समस्या, कारपेट बैंकिंग क्लस्टर, मॉडर्न डाइंग हाउस, ओडीओपी सामान्य सुविधा केंद्र, कारपेट एक्सपोर्ट और निर्यात को बढ़ावा देने समेत विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई।

बैंकों की रोजाना होगी निगरानी

मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की समीक्षा के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने अग्रणी जिला प्रबंधक को कम प्रगति वाले बैंकों की प्रतिदिन मॉनिटरिंग कर नियमित रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने लीड बैंक सहित सभी बैंक अधिकारियों से लक्ष्य के अनुरूप अधिक से अधिक ऋण प्रकरण स्वीकृत करने को कहा।

निवेश और निर्यात बढ़ाने पर विशेष जोर

बैठक में प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, औद्योगिक निवेश के लिए लैंड बैंक डाटा, प्लग एंड प्ले पार्क, सिटी ऑफ एक्सपोर्ट एक्सीलेंस और डिस्ट्रिक्ट एक्सपोर्ट हब के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया गया। पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित करने के निर्देश भी दिए गए।

जिलाधिकारी ने औद्योगिक विकास के लिए मास्टर प्लान के अनुरूप विकास कार्य कराने पर बल दिया। उन्होंने बीडा क्षेत्र के निवासियों से भवन निर्माण से पहले मानचित्र स्वीकृत कराने की अपील की। भूमि और राजस्व संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

बैठक में उपायुक्त उद्योग दयाशंकर, अग्रणी जिला प्रबंधक अमित कुमार, निर्यातक, विभिन्न विभागों के अधिकारी, व्यापारी, उद्यमी, निवेशक और व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Advertisement

Continue Reading
Advertisement
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page