भदोही
बंद मकान में घुसे चोर, खंगालने के बाद खाली हाथ लौटे
भगवतपुर में शिक्षक संघ अध्यक्ष के पुराने मकान का ताला तोड़ा, पुलिस ने किया निरीक्षण
कमरों और बक्सों को बनाया निशाना, नकदी-जेवर नहीं मिलने पर चोर हुए फरार
गोपीगंज। कोतवाली क्षेत्र के वार्ड नंबर-5 स्थित भगवतपुर में चोरों ने शिक्षक संघ अध्यक्ष सुधीर सिंह के बंद पुराने मकान को निशाना बनाया। चोर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर के अंदर दाखिल हुए और कमरों के साथ ही बक्सों को भी खंगाला। हालांकि, कोई कीमती सामान नहीं मिलने पर चोर खाली हाथ लौट गए।
बताया गया कि सुधीर सिंह परिवार के साथ नए मकान में रहते हैं। पुराने मकान में वह सुबह-शाम अपनी गाड़ी और बाइक खड़ी करने के लिए आते-जाते हैं। रविवार रात गाड़ी खड़ी करने के बाद वह नए मकान पर चले गए। सोमवार सुबह पुराने मकान पर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला।
घर के अंदर जाने पर सभी कमरों के दरवाजे खुले थे और बक्सों का सामान बिखरा पड़ा था। हालांकि, चोरों के हाथ नकदी, जेवरात या अन्य कोई कीमती सामान नहीं लगा।
घटना की सूचना पुलिस और पीआरबी को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। ग्रामीणों के अनुसार, इसी गांव में कुछ समय पहले भी एक बंद मकान में चोरी की घटना हुई थी। इससे क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
