गाजीपुर
चारपाई पर चढ़कर कोबरा ने डसा, 52 वर्षीय दिनेश यादव की मौत
रात में सोते समय सर्पदंश से बिगड़ी हालत, अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित किया
भांवरकोल (गाजीपुर)। स्थानीय थाना क्षेत्र के जसदेवपुर गांव में शनिवार देर रात सर्पदंश से 52 वर्षीय दिनेश यादव उर्फ बुगा यादव की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव में भी दहशत का माहौल है।
बताया गया कि शनिवार रात करीब दो बजे दिनेश यादव अपने घर में चारपाई पर सो रहे थे। इसी दौरान एक कोबरा सांप चारपाई पर चढ़ गया और उसने दिनेश को डस लिया। सर्पदंश के बाद उनकी हालत बिगड़ने लगी। परिजन आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए रसूलपुर लेकर पहुंचे, लेकिन वहां उपचार नहीं मिल सका।
इसके बाद परिजन दिनेश यादव को फातिमा अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मृतक के तीन पुत्र हैं, जिनमें दो की शादी हो चुकी है। अचानक हुई मौत से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
चारपाई के पास फन फैलाए बैठा रहा कोबरा
ग्रामीणों के अनुसार, दिनेश को डसने के बाद कोबरा वहां से नहीं गया। वह चारपाई के पास ही फन फैलाकर काफी देर तक बैठा रहा। सांप को देखने के लिए मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। घटना के बाद गांव में सर्पदंश को लेकर भय का माहौल बना हुआ है।
