Uncategorized
ट्रैक्टर पर बैठाकर युवक से लूट, भदोही पुलिस ने तीन आरोपियों को दबोचा
लूट का मोबाइल, नकदी, पायल, बैग व जरूरी दस्तावेज बरामद; वारदात में इस्तेमाल ट्रैक्टर सीज
भदोही, 30 अगस्त। भदोही रेलवे स्टेशन जाने के दौरान युवक को ट्रैक्टर पर बैठाकर सुनसान रास्ते में ले जाकर लूट करने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। थाना पुलिस ने घटना में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से लूट का मोबाइल फोन, नकदी, पायल, बैग और पीड़ित के महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं। वारदात में इस्तेमाल न्यू हॉलैंड ट्रैक्टर को भी पुलिस ने सीज कर दिया है।
साधन के इंतजार में सड़क किनारे खड़ा था युवक
पुलिस के अनुसार, 21 अगस्त 2026 को उड़ीसा के बालासोर निवासी कमलाकान्त बारिक अपनी बहन से मिलने के बाद वापस घर जाने के लिए भदोही रेलवे स्टेशन जा रहा था। शाम करीब आठ बजे कस्तूरीपुर के पास साधन नहीं मिलने पर वह सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान हरे रंग के ट्रैक्टर संख्या UP-70 DS-6749 पर सवार लोगों ने उसे ट्रैक्टर पर बैठा लिया।
आरोप है कि भदोही पहुंचने से पहले उसे ग्राम रया के समीप निर्माणाधीन कच्चे रास्ते की ओर ले जाया गया। वहां ट्रैक्टर रोककर उसका मोबाइल फोन, नकदी और बैग समेत अन्य सामान छीन लिया गया। पीड़ित के बैग में मोबाइल, रुपये, आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी, हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की मार्कशीट, स्नातक की मार्कशीट व प्रमाणपत्र, कपड़े और पायल सहित अन्य सामान था।
घटना के बाद पीड़ित ने डायल-112 पर सूचना दी। इसके आधार पर थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की।
बोरिंग का काम करते मिले आरोपी
पुलिस अधीक्षक भदोही अभिनव त्यागी के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम लूटे गए सामान और आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि घटना से जुड़े आरोपी नई बाजार में बोरिंग का काम कर रहे हैं।
सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से लूट का सामान बरामद किया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई।
तीनों आरोपी जौनपुर के रहने वाले
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मिथुन कुमार गौतम (38), अजीत गौतम (19) और कमलेश जायसवाल (22) के रूप में हुई है। तीनों जौनपुर जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।
नकदी से लेकर मार्कशीट तक बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1,700 रुपये नकद, वीवो कंपनी का मरून रंग का मोबाइल फोन, सफेद धातु की पायल और काले रंग का बैग बरामद किया। बैग से पैन कार्ड, आधार कार्ड, वोटर आईडी तथा हाईस्कूल, इंटरमीडिएट और स्नातक से संबंधित चार अंकपत्र/प्रमाणपत्र भी मिले।
इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल न्यू हॉलैंड ट्रैक्टर संख्या UP-70 DS-6749 को धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताई वारदात
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी मिथुन कुमार गौतम ने बताया कि करीब एक सप्ताह पहले वह अजीत गौतम और कमलेश जायसवाल के साथ बोरिंग वाले ट्रैक्टर से सुरियावां की ओर से मोढ़ होते हुए भदोही आ रहा था। कस्तूरीपुर के पास उन्हें एक व्यक्ति अकेला मिला, जिसे तीनों ने ट्रैक्टर पर बैठा लिया।
आरोपियों ने उसे भदोही से पहले निर्माणाधीन कच्चे बाईपास रिंग रोड से ग्राम रया के पास ले जाकर मोबाइल, बैग, रुपये और अन्य सामान छीन लिया। बाद में बैग की तलाशी लेने पर उसमें नकदी, मोबाइल, पायल, पहचान पत्र, मार्कशीट, प्रमाणपत्र और कपड़े मिले। पुलिस के मुताबिक नकदी तीनों ने आपस में बांट ली, जबकि पायल अजीत को बेचने के लिए दी गई थी।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में निरीक्षक बुद्धि सागर यादव, हेड कांस्टेबल हरिकेश यादव, कांस्टेबल सेराफुल हसन, उपनिरीक्षक मोती सिंह यादव, कांस्टेबल शक्तिपाल और कांस्टेबल भूपेन्द्र यादव शामिल रहे।
