Uncategorized
डीहराज मंदिर से निकली भव्य महाकाली शोभायात्रा, जयकारों से गूंजा शहर
पंचवर्षीय पूजा के अवसर पर 500 से अधिक श्रद्धालुओं ने लिया हिस्सा, जटेपुर काली मंदिर में आरती के बाद हुआ समापन
गोरखपुर। श्री श्री महाकाली पंचवर्षीय पूजा के पावन अवसर पर रविवार को डीहराज मंदिर (कुर्मियान टोला) से भव्य श्री श्री महाकाली शोभायात्रा निकाली गई। श्रद्धा और उत्साह से सराबोर शोभायात्रा में 500 से अधिक श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। मां काली के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

शोभायात्रा के दौरान ढोल-नगाड़ों और घंट-घड़ियाल की गूंज से माहौल आध्यात्मिक रंग में रंगा रहा। श्रद्धालु मां काली के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे। यात्रा के रास्ते में जगह-जगह लोगों ने श्रद्धालुओं का स्वागत किया और मां काली के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
प्रमुख मार्गों से होकर निकली यात्रा
शोभायात्रा डीहराज मंदिर से शुरू होकर राज नर्सिंग होम, दुर्गाबाड़ी, चरणलाल चौक, आर्य नगर और गंगेज चौक सहित प्रमुख मार्गों से होते हुए जटेपुर काली मंदिर पहुंची। पूरी यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।

आयोजन को सफल बनाने में सुदीप विश्वकर्मा, अंकित चौधरी, विकास चौधरी, धीरज चौधरी, नरेंद्र, निखिल, बृजभूषण, वरुण चौरसिया, राजेश चौधरी, सत्यम चौधरी, अभिषेक गौड़, पूनम चौधरी, सुमन चौधरी, पूनम गुप्ता, कुमकुम और किरण देवी सहित तमाम कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा।
आरती-पूजन के बाद महाप्रसाद वितरण
शोभायात्रा के जटेपुर काली मंदिर पहुंचने पर विधि-विधान से आरती और पूजन किया गया। सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था के बीच धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुआ। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया।
आयोजकों ने बताया कि पंचवर्षीय पूजा के अवसर पर आयोजित यह शोभायात्रा श्रद्धालुओं के लिए आस्था और भक्ति का विशेष अवसर रही।
