Connect with us

मिर्ज़ापुर

11 हजार वोल्ट का तार टूटकर जमीन पर गिरा, करंट की चपेट में आने से दो भैंसों की मौत

Published

on

Loading...
Loading...

राजगढ़, मीरजापुर। थाना क्षेत्र के निकरीका गांव में शनिवार सुबह करीब 11 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब 11 हजार वोल्ट क्षमता का हाईटेंशन विद्युत तार टूटकर जमीन पर गिर गया। तार में विद्युत आपूर्ति जारी रहने के कारण उसकी चपेट में आने से दो भैंसों की करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों में विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर आक्रोश है।

जानकारी के अनुसार निकरीका गांव निवासी रमा शंकर पशुपालक हैं और दूध बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। शुक्रवार रात लगातार हो रही बारिश के दौरान 11 हजार वोल्ट का विद्युत तार खंभे से टूटकर जमीन पर गिर गया था। शनिवार सुबह रमा शंकर अपनी भैंसों को गांव से कुछ दूरी पर सिवान में चरा रहे थे। इसी दौरान दोनों भैंसें जमीन पर गिरे हाईटेंशन तार की चपेट में आ गईं। करंट लगने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की जानकारी होते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों का आरोप है कि विद्युत तार टूटकर जमीन पर गिरने के बावजूद काफी देर तक उसमें करंट प्रवाहित होता रहा। ग्रामीणों का कहना है कि यदि किसी व्यक्ति को टूटे हुए तार की जानकारी नहीं होती और वह उसकी चपेट में आ जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। इस घटना ने विद्युत विभाग की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

दो भैंसों की मौत से पशुपालक रमा शंकर को आर्थिक नुकसान हुआ है। ग्रामीणों ने पीड़ित पशुपालक को उचित मुआवजा दिए जाने की मांग की है। साथ ही विद्युत विभाग से जर्जर विद्युत तारों की जांच कराने और ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की गई है।

इस संबंध में विद्युत विभाग राजगढ़ के एसडीओ प्रमोद सिंह ने बताया कि तार टूटने की जानकारी विभाग को नहीं थी। जानकारी मिलते ही विद्युत आपूर्ति बंद कर दी गई है। मौके का मुआयना कराया जा रहा है। जांच के बाद नियमानुसार पशुपालक को मुआवजा दिलाने की कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement

Continue Reading
Advertisement
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page