Connect with us

गाजीपुर

जमानिया में गूंजा जश्न-ए-मिलादुन्नबी, सड़कों पर उमड़ा अकीदतमंदों का हुजूम

Published

on

Loading...
Loading...

नई बाजार, तलासपुर और बरूईन से निकले जुलूस स्टेशन बाजार में हुए एकजुट, पुलिस-प्रशासन रहा मुस्तैद

जमानिया, गाजीपुर। बारावफात यानी ईद-ए-मिलादुन्नबी के अवसर पर बुधवार को जमानिया नगर में जश्न-ए-मिलादुन्नबी के जुलूस अकीदत और एहतराम के साथ निकाले गए। स्टेशन बाजार में निकले मुख्य जुलूस में अकीदतमंदों का हुजूम उमड़ पड़ा। नई बाजार, तलासपुर, बरूईन और आसपास के गांवों से निकले जुलूस स्टेशन बाजार पहुंचकर एक साथ शामिल हुए, जिससे पूरा माहौल जश्न-ए-मिलाद के रंग में नजर आया।

नई बाजार से शुरू हुआ जुलूस तलासपुर होते हुए बरूईन पहुंचा, जहां विभिन्न गांवों से आए लोग इसमें शामिल होते गए। बड़े-बुजुर्गों के साथ महिलाओं और बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक जुलूस में शिरकत की। बच्चे हाथों में झंडे लेकर आगे बढ़ते नजर आए। डीजे और नात-ए-पाक की गूंज से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

Advertisement

जुलूस स्टेशन बाजार के गांधी चौक, सब्जी मंडी और खलीफा चौक सहित प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा। रास्ते में कई स्थानों पर स्थानीय लोगों ने अकीदतमंदों के लिए पानी और जलपान की व्यवस्था की।

त्योहार के मद्देनजर प्रशासन और पुलिस भी पूरी तरह सतर्क रही। उपजिलाधिकारी निधि, क्षेत्राधिकारी अंकित तिवारी और कोतवाली प्रभारी राम सजन नागर ने नगर के विभिन्न इलाकों और जुलूस मार्गों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। स्टेशन चौकी प्रभारी अश्वनी प्रताप सिंह भी पुलिस बल के साथ मुस्तैद रहे।

पुलिस और प्रशासन की सक्रिय निगरानी में जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। पूरे नगर में आपसी सौहार्द, भाईचारे और उत्साह का माहौल देखने को मिला।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page