गाजीपुर
51 फीट कांवड़ के साथ गूंजा ‘बोल बम’, बाबा बैजनाथ के लिए उमड़ा आस्था का सैलाब
जमानिया स्टेशन बाजार से निकली विशाल कांवड़ यात्रा, सैकड़ों श्रद्धालु गंगाजल लेकर हुए रवाना
जमानिया, गाजीपुर। आस्था, उत्साह और शिवभक्ति का अद्भुत नजारा बुधवार को जमानिया स्टेशन बाजार में देखने को मिला। यहां से 51 फीट लंबी विशाल कांवड़ यात्रा बिहार स्थित बाबा बैजनाथ धाम के लिए रवाना हुई तो पूरा क्षेत्र ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंज उठा। यात्रा में सैकड़ों की संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे शामिल हुए।

श्रद्धालुओं ने तहसील क्षेत्र के बरेसर गंगा घाट पर विधि-विधान से गंगाजल भरा। इसके बाद कांवड़ यात्रा स्टेशन बाजार की सब्जी मंडी से होते हुए गांधी चौक, बरुईन मोड़, तलासपुर और नई बाजार के रास्ते आगे बढ़ी। 51 फीट लंबी विशाल कांवड़ को देखने के लिए मार्ग में जगह-जगह लोगों की भीड़ जुटी रही।
यात्रा में शामिल श्रद्धालु डीजे की धुन पर नाचते-गाते हुए आगे बढ़े। युवा, महिलाएं और बच्चे पूरे उत्साह के साथ शामिल रहे, जबकि कई श्रद्धालु हाथों में भगवा ध्वज लिए चल रहे थे। धार्मिक गीतों और जयकारों से पूरा वातावरण शिवमय बना रहा।
लंबी दूरी की पैदल यात्रा के बावजूद श्रद्धालुओं के चेहरे पर भक्ति और उत्साह साफ दिखाई दिया। श्रद्धालुओं ने बताया कि बाबा बैजनाथ धाम पहुंचकर गंगाजल से जलाभिषेक किया जाएगा और सुख-समृद्धि के साथ मनोकामनाओं की पूर्ति की प्रार्थना की जाएगी।
आस्था की इस विशाल पदयात्रा ने कुछ घंटों के लिए जमानिया की सड़कों को पूरी तरह शिवभक्ति के रंग में रंग दिया।
