गोरखपुर
बाल सुरक्षा और मानव तस्करी रोकथाम को लेकर मासिक समीक्षा बैठक
एसजेपीयू व एएचटी की समन्वय बैठक में बाल श्रम, POCSO, बंधुआ मजदूरी और बेघर बच्चों के पुनर्वास पर हुई चर्चा
गोरखपुर। रिजर्व पुलिस लाइन स्थित व्हाइट हाउस सभागार में क्षेत्राधिकारी अपराध मनीष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में SJPU एवं AHT की मासिक समीक्षा एवं समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में बाल संरक्षण और बाल सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम, 2015, बाल एवं किशोर श्रम, बंधुआ मजदूरी, भिक्षावृत्ति, बेघर बच्चों के बचाव एवं पुनर्वास, मानव तस्करी की रोकथाम तथा POCSO एक्ट से जुड़े मामलों में की जा रही कार्रवाई की समीक्षा की गई।
अधिकारियों ने बताया कि 1 जुलाई से 31 अगस्त 2026 तक बाल एवं किशोर श्रम, बंधुआ मजदूरी तथा बेघर बच्चों के बचाव और पुनर्वास के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। बैठक में POCSO मामलों में बाल कल्याण समिति (CWC) के समक्ष शत-प्रतिशत रिपोर्टिंग, विवेचना और अभियोजन में आने वाली समस्याओं पर भी चर्चा की गई।
बैठक में बाल कल्याण पुलिस अधिकारियों और विवेचकों के दायित्वों की समीक्षा करते हुए उनके समक्ष आने वाली समस्याओं के समाधान पर जोर दिया गया। इस दौरान पुलिस, श्रम, स्वास्थ्य, शिक्षा, कारागार, GRP और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे।
