जौनपुर
मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से सात मरीजों को 7.20 लाख रुपये की सहायता
गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए स्वीकृत हुई आर्थिक मदद, संबंधित अस्पतालों को भेजी जाएगी धनराशि
जौनपुर। मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से जनपद के गंभीर बीमारियों से पीड़ित सात आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों के उपचार के लिए 7 लाख 20 हजार 150 रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। यह सहायता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण गिरीश चंद्र यादव के प्रयासों से उपलब्ध कराई गई है। स्वीकृत धनराशि सीधे संबंधित अस्पतालों को उपचार के लिए भेजी जाएगी।
सात मरीजों को मिला लाभ
राज्यमंत्री ने बताया कि इन्द्रावती देवी (बंजारेपुर) को बीएचयू के लिए 1 लाख रुपये, शैलेन्द्र यादव (शेखपुर सुतौली) को केजीएमयू/गांधी मेमोरियल एंड एसोसिएट हॉस्पिटल के लिए 1 लाख रुपये, रामकिशुन पाल (पाल्हामऊ खुर्द) को बीएचयू के लिए 95,150 रुपये, रतना देवी (डेरामुआयना, कुरचनपुर) को बीएचयू के लिए 1 लाख रुपये, रामजीत यादव (शेखपुर अशरफपुर) को एसजीपीजीआई के लिए 1.50 लाख रुपये, निखिल राय (वाजिदपुर उत्तरी) को बीएचयू के लिए 1 लाख रुपये तथा सविता (गरोठन) को डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के लिए 75 हजार रुपये की सहायता स्वीकृत की गई है।
जरूरतमंद मरीजों को मिल रही सरकार की मदद
राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार गंभीर बीमारियों से पीड़ित जरूरतमंद मरीजों के उपचार में हरसंभव सहयोग कर रही है। मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष के माध्यम से मिलने वाली आर्थिक सहायता से गरीब परिवारों पर इलाज का आर्थिक बोझ कम होगा और उन्हें समय पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।
जनहित सर्वोच्च प्राथमिकता
उन्होंने कहा कि उनके कार्यालय में आने वाले पात्र मरीजों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जा रहा है। सरकार बिना किसी भेदभाव के पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। सहायता स्वीकृत होने पर लाभार्थियों एवं उनके परिजनों ने प्रदेश सरकार और राज्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
