जौनपुर
राज्यपाल के प्रस्तावित दौरे को लेकर डीएम-एसएसपी ने लिया तैयारियों का जायजा
पूर्वांचल विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षा, यातायात और कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण
अधिकारियों को दिए समय सीमा में सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश, सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर
जौनपुर। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल के प्रस्तावित जौनपुर दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने थाना सरायख्वाजा क्षेत्र स्थित वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय परिसर पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया।
दोनों अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर तैयारियों की स्थिति का जायजा लिया और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की हुई समीक्षा
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और एसएसपी ने कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग स्थल, बैरिकेडिंग, वीआईपी आगमन एवं प्रस्थान मार्ग, प्रवेश-निकास व्यवस्था सहित अन्य जरूरी इंतजामों का बारीकी से निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने संबंधित विभागों से अब तक की गई तैयारियों की जानकारी लेते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
समय से पूरी हों सभी व्यवस्थाएं : डीएम
जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. ने निर्देश दिया कि राज्यपाल के कार्यक्रम से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।
सुरक्षा को लेकर पुलिस को सतर्क रहने के निर्देश
एसएसपी कुंवर अनुपम सिंह ने पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था में पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं पर निगरानी और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा।
दोनों अधिकारियों ने कहा कि राज्यपाल के प्रस्तावित कार्यक्रम को सुरक्षित, व्यवस्थित और सफल बनाने के लिए प्रशासन की ओर से हर स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
