Connect with us

जौनपुर

40 लाख रुपये की हेरोइन के साथ दो अंतरप्रांतीय तस्कर गिरफ्तार

Published

on

Loading...
Loading...

बिहार से लाकर यूपी के जिलों में करते थे सप्लाई, सुजानगंज पुलिस ने सई नदी पुल के पास दबोचा

199 ग्राम हेरोइन, मोबाइल फोन व अन्य सामान बरामद; एनडीपीएस एक्ट में भेजे गए जेल

जौनपुर। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सुजानगंज थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 40 लाख रुपये कीमत की हेरोइन के साथ दो अंतरप्रांतीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी बिहार से हेरोइन लाकर उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में सप्लाई करते थे।

पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सोमवार तड़के सुजानगंज पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम बखोपुर स्थित सई नदी पुल के पास घेराबंदी कर रात करीब 1:50 बजे दो संदिग्धों को पकड़ लिया।

199 ग्राम हेरोइन समेत कई सामान बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 199 ग्राम हेरोइन, दो मोबाइल फोन, दो पर्स, दो आधार कार्ड और 1,050 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई जा रही है।

Advertisement

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. सर्फुद्दीन राईनी (36) निवासी मोहनियां, जिला कैमूर (भभुआ), बिहार तथा वाजिद अली (19) निवासी कैमूर, बिहार के रूप में हुई है।

रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर करते थे बिक्री

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे बिहार से हेरोइन लाकर उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में छोटे-छोटे पैकेट बनाकर बेचते थे। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर नशे के आदी लोगों को इसकी सप्लाई की जाती थी।

पुलिस को आशंका है कि दोनों आरोपी किसी बड़े अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क से जुड़े हैं। गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और इनके संपर्कों की जांच की जा रही है। साथ ही आरोपी वाजिद अली के आपराधिक इतिहास का भी सत्यापन कराया जा रहा है।

एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज, भेजे गए जेल

इस मामले में सुजानगंज थाने में मुकदमा संख्या 262/2026 के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।

कार्रवाई में थानाध्यक्ष अमित कुमार पांडेय, उपनिरीक्षक आनंद राय, हेड कांस्टेबल मानस तिवारी सहित पुलिस टीम के अन्य जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page