Connect with us

बलिया

ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे के भारी वाहनों से अमांव-टुटुवारी मार्ग बदहाल

Published

on

Loading...
Loading...

पीएमजीएसवाई की सड़क गड्ढों में तब्दील, जलजमाव से राहगीर परेशान; ग्रामीणों ने डीएम से लगाई मरम्मत की गुहार

बलिया (नरही)। राष्ट्रीय राजमार्ग-31 से गोविंदपुर-अमांव होते हुए विशेश्वरपुर को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग इन दिनों बदहाली का शिकार है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत वर्ष 2020 में बनी यह सड़क अब जगह-जगह टूटकर गहरे गड्ढों में तब्दील हो गई है। बारिश के कारण इन गड्ढों में जलभराव होने से राहगीरों, स्कूली बच्चों, किसानों और मजदूरों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों और पूर्व जिला पंचायत सदस्य कुबेर नाथ तिवारी, डॉ. अनिल राय एवं शशिभूषण राय ने आरोप लगाया कि सड़क की यह स्थिति ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे निर्माण में लगे भारी वाहनों के आवागमन के कारण हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि कम भार क्षमता वाली इस सड़क पर ओवरलोडेड वाहनों से मिट्टी और गिट्टी की ढुलाई की गई, जिससे सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

ग्रामीणों के मुताबिक, कई बार शिकायत के बाद निर्माण कंपनी के अधिकारियों ने सड़क मरम्मत कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। नसीरपुर, एकौनी, टुटुवारी सहित गाजीपुर जनपद के कई गांवों को जोड़ने वाले इस महत्वपूर्ण मार्ग की हालत दिन-ब-दिन खराब होती जा रही है।

क्षेत्रवासियों ने जिलाधिकारी से मामले का संज्ञान लेते हुए जल्द सड़क की मरम्मत कराने और जलभराव की समस्या से निजात दिलाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो लोगों को और अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा।

Advertisement

Continue Reading
Advertisement
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page