बलिया
सीएचसी सीयर में इलाज में लापरवाही का आरोप
सर्पदंश से मासूम की मौत के मामले में उठे सवाल, स्वास्थ्यकर्मियों पर समय पर इलाज न देने का आरोप
वायरल वीडियो का हवाला देकर कार्रवाई की मांग, दोषियों पर सख्त कदम उठाने की मांग
बेल्थरारोड (बलिया)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सीयर एक बार फिर विवादों में आ गया है। आदर्श नगर पंचायत बेल्थरा रोड के वार्ड नंबर-5 के सभासद मोहम्मद सद्दाम ने मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) बलिया को शिकायती पत्र देकर अस्पताल में इलाज के दौरान कथित लापरवाही की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।
मामला सर्पदंश से पीड़ित एक मासूम की मौत से जुड़ा है। सभासद द्वारा दिए गए पत्र के अनुसार, 8 जुलाई 2026 की रात करीब 9 बजे 12 वर्षीय शिवम राजभर को सर्पदंश के बाद गंभीर हालत में परिजन इलाज के लिए सीएचसी सीयर लेकर पहुंचे थे।
परिजनों का आरोप है कि अस्पताल पहुंचने के बाद भी ड्यूटी पर तैनात स्वास्थ्यकर्मियों ने तत्काल उपचार शुरू नहीं किया, जिसके कारण समय पर इलाज नहीं मिल सका और बालक की मौत हो गई।
सभासद मोहम्मद सद्दाम ने सीएमओ को सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो के संबंध में भी अवगत कराया है। उनका कहना है कि वीडियो में पीड़ित बालक के पास कोई चिकित्सक या अस्पताल कर्मी मौजूद दिखाई नहीं दे रहा है।
उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वाले स्वास्थ्यकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। सभासद का कहना है कि जांच से पीड़ित परिवार को न्याय मिलने के साथ ही सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति आम जनता का विश्वास भी कायम रहेगा।
