Connect with us

बलिया

संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत, पति समेत 9 लोगों पर दहेज हत्या का मुकदमा

Published

on

Loading...
Loading...

मायके पक्ष ने लगाया गला दबाकर हत्या का आरोप, ससुराल पक्ष बोला- गुस्से में खाया था जहर

रसड़ा के नगहर गांव का मामला, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी पुलिस

रसड़ा (बलिया)। कोतवाली क्षेत्र के नगहर गांव में बुधवार देर शाम एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद ससुराल और मायके पक्ष के अलग-अलग दावे सामने आए हैं। पुलिस ने मृतका के मायके पक्ष की तहरीर पर पति, सास-ससुर समेत नौ लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, नगहर निवासी अतुल सिंह की पत्नी अमृता सिंह (30 वर्ष) की बुधवार शाम अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। परिजन उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रसड़ा ले गए, जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें मऊ रेफर कर दिया। उपचार के दौरान अमृता की मौत हो गई।

ससुराल पक्ष का कहना है कि अमृता ने किसी बात से नाराज होकर आवेश में विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया था, जिससे उसकी हालत बिगड़ी और इलाज के दौरान मौत हो गई।

Advertisement

वहीं, मृतका के भाई अमित सिंह (निवासी गड़वार) ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वर्ष 2017 में शादी के बाद से ही उनकी बहन को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना से एक दिन पहले भी अमृता के साथ मारपीट की गई थी और उसने इसकी तस्वीर अपने भाई को भेजी थी।

पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति अतुल सिंह, ससुर शंभुनाथ, सास आशा देवी सहित नौ लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page