बलिया
भैंसों के झुंड से टकराई बाइक, बिहार के वृद्ध की दर्दनाक मौत
बैरिया से लौटते समय हुआ हादसा, अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने किया मृत घोषित
सड़क पर अचानक आए मवेशियों से बिगड़ा संतुलन, परिजनों में मचा कोहराम
बैरिया (बलिया)। मांझी-बैरिया मुख्य मार्ग पर चांददियर के समीप यादव नगर के सामने हुए सड़क हादसे में बिहार के एक 60 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब उनकी बाइक सड़क पर अचानक आए भैंसों के झुंड से टकरा गई।
जानकारी के अनुसार, बिहार के सारण जिले के मांझी नगर पंचायत (उत्तर टोला) निवासी बांके बिहारी सिंह बैरिया क्षेत्र में अपने रिश्तेदार के यहां आए थे। गुरुवार शाम वह मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान चांददियर के पास सड़क पर आए भैंसों के झुंड से उनकी बाइक टकरा गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
स्थानीय लोगों ने तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सोनबरसा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद शव का पंचनामा कर परिजन उसे अंतिम संस्कार के लिए बिहार के मांझी स्थित पैतृक गांव ले गए। हादसे के बाद परिजनों में शोक की लहर है।
