जौनपुर
फर्जी MLM नेटवर्क का भंडाफोड़, करोड़ों की ठगी करने वाले सात गिरफ्तार
नौकरी का झांसा देकर युवाओं से वसूली, 30 युवक-युवतियों को पुलिस ने कराया मुक्त
मुख्य आरोपी के खाते में ₹34 करोड़ के लेन-देन का खुलासा, थार समेत कई वाहन और मोबाइल बरामद
जौनपुर। थाना लाइन बाजार पुलिस ने फर्जी मल्टी लेवल मार्केटिंग (एमएलएम) और पिरामिड चेन नेटवर्क के जरिए बेरोजगार युवाओं से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए उसके सरगना समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 11 मोबाइल फोन, एक थार एसयूवी, एक बुलेट और एक पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है। साथ ही नौकरी के नाम पर फंसाए गए करीब 30 युवक-युवतियों को सकुशल मुक्त कराया गया।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देशन तथा सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता के पर्यवेक्षण में थाना लाइन बाजार पुलिस ने की।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी MS EARTH इंटरप्राइजेज और Royal Health Wellness Private Limited के नाम पर फर्जी कंपनियां संचालित कर रहे थे। गिरोह बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश सहित कई राज्यों के बेरोजगार युवाओं को फोन कर वाराणसी बुलाता था। उन्हें ₹25 हजार प्रतिमाह वेतन वाली नौकरी का झांसा देकर इंटरव्यू कराया जाता और रजिस्ट्रेशन या ज्वाइनिंग फीस के नाम पर ₹30 से ₹35 हजार तक वसूले जाते थे।
इसके बदले युवाओं को केवल ₹1 से ₹2 हजार कीमत की सामान्य किट, जिसमें कपड़े, तेल और साबुन जैसी वस्तुएं होती थीं, देकर प्रशिक्षण शुरू कराया जाता था। प्रशिक्षण के दौरान उनका ब्रेनवॉश कर प्रत्येक सदस्य को तीन नए लोगों को जोड़ने का दबाव बनाया जाता था। ऐसा न करने पर वेतन रोकने और जमा धनराशि वापस न करने की धमकी दी जाती थी।
पुलिस के अनुसार जांच में गिरोह के मुख्य संचालक राहुल राजभर के यूनियन बैंक खाते में करीब ₹34 करोड़ के लेन-देन का खुलासा हुआ है। पुलिस अब गिरोह के वित्तीय नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की भी जांच कर रही है।
गिरफ्तार सभी आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
