Connect with us

बलिया

कड़ी सुरक्षा के बीच निकला भरत अखाड़ा का पारंपरिक जुलूस

Published

on

Loading...
Loading...

सिकंदरपुर में चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात, संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी; शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ जुलूस**

सिकंदरपुर (बलिया)। नगर के मोहल्ला पुरापर (मदन के पोखरा) से शुक्रवार देर रात पारंपरिक भरत अखाड़ा का जुलूस कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच निकाला गया। अखाड़ा अध्यक्ष विनोद वर्मा के नेतृत्व में निकले जुलूस में नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आए सैकड़ों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

पारंपरिक मार्ग से निकला जुलूस पुरापर से प्रारंभ होकर मोहल्ला चिड़ैया टोल, दरगाह शाह वली कादिरी, दरगाह मैदान सहित विभिन्न निर्धारित मार्गों से होता हुआ मध्यरात्रि में डोमनपुरा स्थित ठाकुर जी मंदिर परिसर पहुंचा, जहां धार्मिक अनुष्ठानों के साथ इसका शांतिपूर्ण समापन हुआ।

जुलूस के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। पूरे मार्ग पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी गई। उपजिलाधिकारी ऋषिकांत राजवंशी, क्षेत्राधिकारी राकेश कुमार सिंह, थाना प्रभारी मूलचंद चौरसिया तथा चौकी प्रभारी गिरिजेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे।

इसके अलावा स्थानीय अभिसूचना इकाई (एलआईयू) की टीम भी पूरे आयोजन पर नजर बनाए रही। किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में पीएसी के जवानों की तैनाती की गई थी तथा नगर के सभी प्रमुख इमाम चौकों पर बैरिकेडिंग कर यातायात एवं भीड़ प्रबंधन की समुचित व्यवस्था की गई।

Advertisement

प्रशासन की सतर्कता और स्थानीय लोगों के सहयोग से पारंपरिक भरत अखाड़ा का जुलूस पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों के सहयोग की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी तरह शांति और भाईचारे को बनाए रखने की अपील की।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page