बलिया
राजस्थान की घटना के विरोध में बड़ा गांव में फूटा जनाक्रोश
निकाला गया कैंडल मार्च
नाबालिग से दुष्कर्म और मौत के मामले में दोषियों को फांसी देने की मांग, दो मिनट का मौन रखकर दी श्रद्धांजलि
सिकंदरपुर (बलिया)। राजस्थान के श्रीगंगानगर में 13 वर्षीय नाबालिग बालिका के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म और बाद में हुई उसकी मौत के विरोध में मनियर थाना क्षेत्र के बड़ा गांव में लोगों का आक्रोश सड़कों पर दिखाई दिया। विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं, समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने एकजुट होकर कैंडल मार्च निकालकर घटना के प्रति विरोध दर्ज कराया तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।
कैंडल मार्च नवनिर्मित दुर्गा मंदिर परिसर से शुरू होकर गांव और बाजार के प्रमुख मार्गों से होते हुए संपन्न हुआ। हाथों में मोमबत्तियां लिए लोगों ने पीड़िता को श्रद्धांजलि अर्पित की और महिलाओं एवं बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों ने दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर उन्हें कठोरतम दंड, यहां तक कि फांसी की सजा दिए जाने की मांग की।
मार्च के समापन पर उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत बालिका की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं और बच्चियों के विरुद्ध होने वाले जघन्य अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए त्वरित एवं सख्त कानूनी कार्रवाई आवश्यक है।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान संजय राजभर, राजू राजभर, रणजीत बहादुर सिंह उर्फ दीपू सिंह, मनोज तिवारी, बबलू राजभर, संतोष चौहान, मुन्ना पासवान, आरपी यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
