मिर्ज़ापुर
चोरी के मामले में वांछित अभियुक्त गिरफ्तार, चोरी के गहने बरामद
मीरजापुर की कोतवाली देहात पुलिस की कार्रवाई, दुकान से हुई थी चोरी
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा, कई चांदी के आभूषण बरामद
मीरजापुर।
कोतवाली देहात पुलिस ने चोरी के एक मामले में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी के आभूषण बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 17 अप्रैल 2026 को बहोरना निवासी अनिल कुमार ने अज्ञात चोरों के खिलाफ अपनी दुकान से गहने चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर कोतवाली देहात थाने में मुकदमा संख्या 179/2026 धारा 305(ए) एवं 331(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
एसपी के निर्देश पर चली गिरफ्तारी अभियान
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए चोरी गए सामान की बरामदगी और अभियुक्त की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।
इसी क्रम में चौकी प्रभारी गुरसण्डी उपनिरीक्षक सुरेश कुमार सिंह ने पुलिस टीम के साथ कार्रवाई करते हुए मामले में प्रकाश में आए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
अनिल धरिकार गिरफ्तार, चोरी के गहने बरामद
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अनिल धरिकार पुत्र छोटक धरिकार, निवासी तेंदुआ खुर्द, थाना लालगंज, जनपद मीरजापुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के कई चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। इनमें एक जोड़ी पाजेब, एक हाफ करधनी, हाथ की पल्लानी, जुड़ा पिन, सिकड़ी, 11 पायल, पांच जोड़ी नई पायल, एक जुड़ा रिंग तथा दो बिछिया शामिल हैं।
न्यायालय भेजा गया आरोपी
पुलिस ने बताया कि अभियुक्त के खिलाफ धारा 305(ए), 331(4) एवं 317(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत कार्रवाई की गई है। नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई पूरी कर आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया है।
