मिर्ज़ापुर
मीरजापुर में भीम सेना मुख्यालय एवं पीड़ित सहायता प्रकोष्ठ का उद्घाटन
एडवोकेट भीमराव गौतम ने फीता काटकर किया शुभारंभ, पीड़ितों को न्याय दिलाने का लिया संकल्प
सभी समुदायों के लोगों की समस्याओं के समाधान और कानूनी सहायता का दिया भरोसा
मीरजापुर। जिगना क्षेत्र के परमानपुर में 5 जुलाई को डॉ. भीमराव सामाजिक सेवा समिति “भीम सेना” के मुख्यालय एवं पीड़ित सहायता प्रकोष्ठ का उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। समारोह में संगठन के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट भीमराव गौतम, पीड़ित सहायता प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप कुमार मौर्य तथा महिला मोर्चा की प्रदेश महासचिव कामिनी कुशवाहा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर मुख्यालय का शुभारंभ किया।
पीड़ितों को कानूनी सहायता दिलाने का संकल्प
उद्घाटन के अवसर पर एडवोकेट भीमराव गौतम ने कहा कि मुख्यालय पर आने वाले सभी समुदायों के पीड़ितों की संवैधानिक एवं वैधानिक समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना जाएगा। उन्होंने कहा कि संबंधित विभागों के अधिकारियों से तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर वार्ता कर निष्पक्ष एवं न्यायोचित कार्रवाई सुनिश्चित कराने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यदि किसी भी पीड़ित के साथ अन्याय होता है तो भीम सेना उसके अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करेगी और आवश्यकता पड़ने पर जनआंदोलन भी किया जाएगा।
न्याय के लिए भटकना नहीं पड़ेगा : प्रदीप कुमार मौर्य
उच्च न्यायालय इलाहाबाद के अधिवक्ता एवं पीड़ित सहायता प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप कुमार मौर्य ने कहा कि अब किसी भी पीड़ित व्यक्ति को न्याय के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि समस्या का समाधान न होने पर वे सीधे भीम सेना मुख्यालय एवं पीड़ित सहायता प्रकोष्ठ से संपर्क करें।
महिलाओं की समस्याओं के समाधान का आश्वासन
महिला मोर्चा की प्रदेश महासचिव कामिनी कुशवाहा ने कहा कि कोई भी पीड़ित महिला सीधे मुख्यालय एवं पीड़ित सहायता प्रकोष्ठ से संपर्क कर सकती है। उन्होंने बताया कि वह प्रत्येक माह के अंतिम शनिवार को मुख्यालय पर उपस्थित रहकर महिलाओं की समस्याओं के समाधान का प्रयास करेंगी।
बड़ी संख्या में मौजूद रहे पदाधिकारी और कार्यकर्ता
समारोह में संगठन के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों, पदाधिकारियों और क्षेत्रवासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए संगठन ने समाज के पीड़ित, शोषित, वंचित और जरूरतमंद लोगों की सेवा के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प दोहराया।
