Connect with us

गाजीपुर

जमीन विवाद में झोपड़ी और मड़ई में आग लगाने का आरोप

Published

on

Loading...
Loading...

आगजनी में गृहस्थी का सामान राख, पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

खानपुर (गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के रजहटी गांव में जमीन विवाद को लेकर झोपड़ी और मड़ई में आग लगाए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित रामप्रसाद पुत्र फेकू ने खानपुर पुलिस को तहरीर देकर गांव के ही कुछ लोगों पर आगजनी का आरोप लगाया है। घटना में पशुओं का चारा, भूसा, गेहूं, कपड़े, चारपाई और बर्तन समेत गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया।

पांच कट्ठा जमीन को लेकर चल रहा था विवाद

पीड़ित के अनुसार, गांव के ही एक व्यक्ति से जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। आरोप है कि संबंधित भूमि की बिना पूर्व सूचना के नापी कराकर करीब पांच कट्ठा जमीन पर कब्जे का प्रयास किया गया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया।

भोर में आग लगाने का आरोप

रामप्रसाद ने तहरीर में आरोप लगाया कि 21 अगस्त की भोर करीब 4:10 बजे कुछ लोगों ने उसकी झोपड़ी और मड़ई में आग लगा दी। आग की लपटें देखकर उसने शोर मचाया और सामान बचाने का प्रयास किया। आरोप है कि इस दौरान गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी गई।

Advertisement

112 पर दी सूचना, पहुंची पुलिस

घटना की सूचना पीड़ित ने पुलिस हेल्पलाइन 112 पर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक झोपड़ी में आग लगी हुई थी। आगजनी की घटना में गृहस्थी का काफी सामान जलकर नष्ट हो गया।

जांच के बाद होगी कार्रवाई

पीड़ित ने खानपुर थाने में तहरीर देकर मामले की जांच कर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। थानाध्यक्ष राजीव कुमार पांडेय ने बताया कि तहरीर के माध्यम से मामले की जानकारी मिली है और पुलिस आरोपों की सत्यता की जांच कर नियमानुसार विधिक कार्रवाई करेगी।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page