गोरखपुर
धारदार हथियारों से हमला करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, कुल्हाड़ी और दाव बरामद
गोरखपुर। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गगहा थाना पुलिस ने धारदार हथियारों से मारपीट कर एक व्यक्ति को गंभीर रूप से घायल करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक कुल्हाड़ी और एक दाव भी बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक दक्षिणी के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी बांसगांव के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में उपनिरीक्षक सुरेश चंद राना और उनकी टीम ने कार्रवाई करते हुए थाना गगहा में दर्ज मुकदमा संख्या 312/2026 से संबंधित वांछित अभियुक्त संतोष कुमार पुत्र मथुरा प्रसाद तथा भीम उर्फ हिमांशु पुत्र रविंद्र कुमार, निवासी बनियापार, थाना गगहा, जनपद गोरखपुर को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार 2 जुलाई 2026 को दोनों आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर धारदार हथियारों और लाठी-डंडों से हमला कर वादी के परिजन को गंभीर रूप से घायल कर दिया था। पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना गगहा में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक कुल्हाड़ी और एक दाव बरामद किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सुरेश चंद राना, हेड कांस्टेबल जयप्रकाश यादव, कांस्टेबल सुधाकर यादव तथा आरक्षी गौतम सिंह शामिल रहे।
