बलिया
संदिग्ध परिस्थितियों में 22 वर्षीय युवक की मौत, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पेट में तेज दर्द के बाद अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम, गांव में शोक
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी मौत की वजह
मनियर (बलिया)। मनियर थाना क्षेत्र के निपनिया गांव में शुक्रवार को 22 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान नागेंद्र यादव के पुत्र दीपू यादव के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है।
परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार, शुक्रवार को दीपू यादव के पेट में अचानक तेज दर्द उठा। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव गांव पहुंचा तो परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
पुलिस ने मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
